अभय सिंह चौटाला 31 अगस्त को महेंद्रगढ़ जिले के दौरे पर, सम्मान दिवस समारोह का निमंत्रण देंगे

Narnaul Political News: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला 31 अगस्त को महेंद्रगढ़ जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर सोमवार को पार्टी की जिला स्तरीय बैठक महेंद्रगढ़ में आयोजित की गई, जिसमें आगामी जनसभा की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विस्तार से चर्चा की। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
अभय चौटाला 31 अगस्त को महेंद्रगढ़ ज़िले में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं एवं आमजन को 27 सितंबर को नूंह (मेवात) में आयोजित होने वाले चौधरी देवी लाल जी का 113 वा सम्मान दिवस समारोह का निमंत्रण देंगे। इनेलो की ओर से प्रदेशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन को सम्मान दिवस समारोह में शामिल होने का न्योता देने के लिए लगातार जनसंपर्क एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला स्तरीय बैठक में पार्टी नेताओं ने 31 अगस्त के कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि अभय चौटाला के महेंद्रगढ़ आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बैठक में जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने तथा लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। गांवों और बूथ स्तर तक संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने अभय चौटाला के दौरे को लेकर तैयारियां तेज करने और जनसभा में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
