दौंगली में जिला प्रशासन का 26 अगस्त को रात्रि ठहराव, मौके पर होगा शिकायतों का निपटारा

Narnaul News: हरियाणा सरकार की जनहितकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन विशेष पहल के रूप में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और सीधा समाधान सुनिश्चित करने के लिए 26 अगस्त को खंड नांगल चौधरी के गांव दौंगली में स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा और इसमें स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, बिजली, पेयजल, कृषि और पंचायत जैसे प्रमुख विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहेंगे। विभिन्न विभागों द्वारा समाधान स्टाल लगाए जाएंगे, जहां क्षेत्र के किसी भी नागरिक को अपनी शिकायतें, समस्याएं या सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं का निपटारा करने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुगम बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की सार्वजनिक और व्यक्तिगत चिंताओं को गंभीरता से सुना जाएगा और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आसपास के गांवों के नागरिकों से अपील की है कि वे 26 अगस्त के रात्रि ठहराव कार्यक्रम में पहुंचकर सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
