Narnaul: अटेली में ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेलते 5 गिरफ्तार, 5.02 लाख रुपये व 52 ताश के पत्ते बरामद

Narnaul:
सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने अटेली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,02,000 रुपये की जुआ राशि तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
डीएसपी डॉ कविता ने बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम अपराध एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि फतनी चौक, अटेली मंडी के पास अरुण निवासी राजपुरा के मकान में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीआईए टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी का गठन किया और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम द्वारा मकान में बने कमरे के बाहर से सुनने पर अंदर मौजूद व्यक्तियों द्वारा ताश के पत्तों पर अपनी-अपनी चाल के रुपये लगाए जाने की बातचीत सुनाई दी। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कमरे के अंदर मौजूद सभी पांच व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम संजय निवासी सिहार, राजेंद्र निवासी बनी जोनायचा थाना शाहजहांपुर, रमेश निवासी जटगांवड़ा थाना बहरोड़, सुशील निवासी वार्ड नंबर-1 अटेली मंडी तथा अजीत निवासी जोनायचा खुर्द थाना शाहजहांपुर बताया।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 5,02,000 रुपये तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए। इस संबंध में सभी आरोपियों के खिलाफ हरियाणा जुआ अधिनियम के तहत थाना अटेली में मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
