Narnaul: 12 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में सप्लायर महिला गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

Oplus_16908288
Narnaul: सीआईए नारनौल की टीम ने 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामदगी के मामले में आगे की जांच करते हुए नशीला पदार्थ सप्लाई करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी महिला की पहचान जसविंद्र कौर निवासी हुडा सेक्टर, नारनौल के रूप में हुई है, जिसे पुलिस टीम ने 05 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
डीएसपी मुख्यालय श्री भारत भूषण ने बताया कि यह मामला 15 अप्रैल 2026 का है। उस समय सीआईए नारनौल की टीम ने थाना निजामपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दीपक निवासी नियाज अलीपुर, थाना निजामपुर तथा मोहित निवासी बाछौद, थाना सदर नारनौल को काबू किया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ था। इस संबंध में थाना निजामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की आगामी जांच के दौरान सीआईए नारनौल की टीम ने आरोपियों से पूछताछ एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक और मोहित ने उक्त नशीला पदार्थ आरोपी जसविंद्र कौर निवासी हुडा सेक्टर, नारनौल से खरीदा था।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सीआईए नारनौल की टीम ने आरोपी जसविंद्र कौर को 05 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए नसीबपुर जेल भेज दिया गया। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिला नशीला पदार्थ कहां से प्राप्त कर उक्त युवकों तक पहुंचाती थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नशे के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
