September 8, 2026

Haryana Weather: हरियाणा में सुस्त पड़ा मानसून, 12 सितंबर तक सताएगी चुभने वाली गर्मी

0
Haryana Weather: हरियाणा में सुस्त पड़ा मानसून, 12 सितंबर तक सताएगी चुभने वाली गर्मी

हरियाणा में सुस्त पड़ा मानसून

Haryana Weather: भाद्रपद के महीने में झमाझम बारिश की आस लगाए बैठे हरियाणा के किसानों और आम जनता को फिलहाल गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही। प्रदेश में मानसूनी हवाओं की पकड़ कमजोर पड़ गई है। मौसम विभाग और चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 8 सितंबर से राज्य में मानसून की गतिविधियां काफी सुस्त पड़ गई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 12 सितंबर तक प्रदेश भर में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान राजस्थान की तरफ से आने वाली सूखी और गर्म पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे दिन के पारे में उछाल आना तय माना जा रहा है।

टर्फ रेखा खिसकी और कम दबाव का क्षेत्र बना वजह

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून ब्रेक की स्थिति के पीछे दो प्रमुख भौगोलिक कारण हैं। इस समय मानसूनी टर्फ रेखा की उत्तरी सीमा श्री गंगानगर, नारनौल, देहरी, पुरुलिया और दीघा से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) बना हुआ है। इस मानसूनी प्रणाली के चलते हवाओं का रुख बदल गया है और नमी वाली मानसूनी हवाएं हरियाणा तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इस सीजन में वैसे भी प्रदेश में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है और अब मानसून के सुस्त पड़ने से खरीफ फसलों, विशेषकर धान और बाजरे की सिंचाई को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।

24 घंटे में 2.7°C चढ़ा पारा, 38.3°C के साथ हिसार रहा सबसे गर्म

मौसम केंद्र चंडीगढ़ से मिले आंकड़ों के अनुसार, पछुआ हवाओं की दस्तक से पिछले 24 घंटों में राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 2.7°C का बड़ा उछाल आया है। धूप के तेवर तीखे होने से मैदानी इलाकों में दोपहर के समय उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर हिसार दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 38.3°C पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के अन्य जिलों का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा—भिवानी में 36.5°C, चरखी दादरी में 36.3°C, सिरसा में 35.9°C और फरीदाबाद-पलवल बेल्ट में पारा 35.4°C रिकॉर्ड किया गया। हालांकि रात के तापमान में 0.2°C की मामूली गिरावट रही और रेवाड़ी के बावल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8°C दर्ज हुआ।

यह भी पढ़ें– पंजाब में सुस्त पड़ा मानसून, चढ़ने लगा पारा ; अगले 4 दिन शुष्क रहेगा मौसम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed