Jaipur Family Murder: जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों का हत्यारा फरार, पहले ज़हर दिया फिर पत्थर से कुचलके उतारा था मौत के घाट

पत्नी-बेटियों को पहले जहर, फिर सिर पर किए वार
Jaipur Family Murder: जयपुर के करधनी इलाके की गोविंद वाटिका में शुक्रवार को एक परिवार की चार सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया। DCP वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक राहुल झा (45) पर अपनी पत्नी गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। फरार आरोपी के भाई संजय कुमार झा की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है।
खाने में जहर देने के बाद हत्या का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या अचानक नहीं हुई, बल्कि इसकी पहले से योजना बनाई गई थी। पुलिस को आशंका है कि राहुल ने गुरुवार रात पत्नी और तीनों बेटियों को खाने में जहर मिलाकर दिया।
खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य रोज की तरह अपने–अपने कमरों में सोने चले गए। राहुल भी पहली मंजिल पर पत्नी के साथ कमरे में चला गया। जांच के मुताबिक शुक्रवार सुबह उसने पत्नी और बेटियों को देखा और उनके जिंदा होने की आशंका के बाद उनके सिर पर वार किए।
सीमेंट की पट्टी से सिर पर किए वार
जांच के अनुसार राहुल घर के बाहर रखी करीब डेढ़ फीट लंबी और करीब 10 किलो वजन की सीमेंट की पट्टी कमरे में लेकर गया। इसके बाद उसने पहले पत्नी पर हमला किया और फिर तीनों बेटियों के सिर और चेहरे पर वार किए।
पुलिस को घटनास्थल से हत्या से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। FSL टीम ने भी मौके से जरूरी नमूने जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की पूरी योजना कब और कैसे बनाई गई थी।
खून से सने कपड़े बदले, पिता को चाय भी पिलाई
हत्या के बाद राहुल ने अपने कपड़ों पर लगे खून को साफ किया और कपड़े बदल लिए। पुलिस के मुताबिक उसके खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। इसके बाद सुबह करीब 7 बजे उसने दूध लिया और अपने 85 वर्षीय पिता लक्ष्मीनाथ झा को चाय बनाकर पिलाई। फिर उसने पिता को बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद राहुल घर से निकल गया और पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन घर में ही स्विच ऑफ करके छोड़ दिया।
कर्ज में डूबे होने की आशंका, ट्रेडिंग और टाइल्स का काम करता था
पुलिस हत्या की वजह को लेकर कई पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में राहुल के कर्ज में डूबे होने की बात सामने आई है और पुलिस इसी को हत्या के पीछे की संभावित वजहों में से एक मान रही है। राहुल की भतीजी सिमरन ने बताया कि गुरुवार शाम उसकी गीता से फोन पर बात हुई थी। सिमरन के मुताबिक गीता सामान्य तरीके से हंसकर बात कर रही थीं और उनके पास कैश भी था। ऑनलाइन पैसे की जरूरत होने पर उन्होंने सिमरन से पैसे मंगवाए थे।
सिमरन के मुताबिक कर्ज को लेकर गीता ने बताया था कि राहुल ट्रेडिंग के साथ टाइल्स का काम भी करता था। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया– बेड पर खून ही खून था
घटना की जानकारी सामने आने के बाद प्रत्यक्षदर्शी सुशीला ने पुलिस और स्थानीय लोगों को घटनास्थल के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 9 बजे उठी थीं और दूध लेकर अंदर गई थीं। सुशीला के मुताबिक राहुल के पिता लक्ष्मीनाथ झा सुबह करीब 9:36 बजे घर के बाहर खड़े थे। वह उन्हें अपने साथ घर के अंदर ले गए। अंदर पहुंचने पर उन्होंने बेड पर बच्ची का शव देखा। बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोट थी और बेड पर खून फैला हुआ था।
सुशीला ने बताया कि यह देखकर वह तुरंत बाहर आ गईं और कॉलोनी के लोगों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले तक परिवार सामान्य तरीके से रह रहा था, लेकिन चार मौतों के बाद पूरी कॉलोनी में मातम का माहौल है। उन्होंने बताया कि परिवार की सबसे छोटी बच्ची गौरी और उनका बेटा एक ही स्कूल में पढ़ते थे। गौरी गुरुवार सुबह उनके बेटे के साथ स्कूल की पिकनिक पर गई थी और दोनों शाम करीब 7 बजे वापस लौटे थे।
CCTV और मोबाइल डेटा से आरोपी की तलाश
हत्या के बाद राहुल के फरार होने से पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस उसके आने–जाने के रास्ते और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। आरोपी का मोबाइल घर पर बंद मिला है। पुलिस मोबाइल का डेटा खंगाल रही है, ताकि हत्या से पहले और बाद की गतिविधियों का पता चल सके। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, जहर देने की पुष्टि और आरोपी के फरार होने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।
