Ambala Yash: अंबाला के लाल का नेशनल कबड्डी में जलवा, मथुरा में जीता सिल्वर मेडल

अंबाला के लाल का नेशनल कबड्डी में जलवा, मथुरा में जीता सिल्वर मेडल
Ambala Yash: खेलों की दुनिया में हरियाणा का दबदबा एक बार फिर साबित हुआ है। अंबाला के हिल रोड स्थित सनातन धर्म वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 12वीं नॉन-मेडिकल के छात्र यश राणा ने अपनी फुर्ती और दांव-पेच के दम पर राष्ट्रीय पटल पर अंबाला का परचम लहराया है। 7 सितंबर को उत्तर प्रदेश के मथुरा में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय अंडर-17 कबड्डी चैंपियनशिप में यश ने अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया।
देश भर के खिलाड़ियों के बीच बिखेरा चमक, स्कूल में जश्न का माहौल
मथुरा में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से सर्वश्रेष्ठ अंडर-17 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कड़े और सांस रोक देने वाले मुकाबलों के बीच यश राणा ने अपने बेहतरीन खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया। जैसे ही यश के मेडल जीतने की खबर अंबाला पहुंची, उनके घर और स्कूल परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मिठाइयां बांटकर यश की इस सफलता का जश्न मनाया।
प्रिंसिपल बोले- ‘यश की मेहनत अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा’, PTI को भी मिली शाबाशी
यश की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति और प्राचार्य ठाकुर सिंह चौहान ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। इसके साथ ही छात्र को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली पीटीआई भारती को भी शुभकामनाएं दी गईं। प्राचार्य ठाकुर सिंह चौहान ने कहा कि यश ने नियमित अभ्यास और लगन के दम पर यह स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय मंच पर मेडल जीतकर यश ने पूरे स्कूल और अंबाला जिले को गौरवान्वित किया है, जो अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
‘अभी तो यह शुरुआत है, अगला लक्ष्य गोल्ड जीतना’ – यश राणा
अपनी इस सफलता से गदगद यश राणा का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल जीतना उनके लिए एक बेहद खास और यादगार अनुभव है, लेकिन वे यहीं थमने वाले नहीं हैं। अपनी भावी योजनाओं का जिक्र करते हुए यश ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश व राज्य के लिए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतना है। इसके लिए वे अपने खेल को और निखारने के लिए मैदान पर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में फिर लौटना शुरू हुआ मानसून 16 जिलों में बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया अपडेट
