Karnal News: कुरुक्षेत्र से सटे करनाल शहर में दयाल सिंह कॉलेज के ठीक बाहर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से छात्रों और स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नरूखेड़ी गांव के रहने वाले पीड़ित छात्र प्रतीक ने बताया कि कुछ दिनों पहले उसकी एक लड़के के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसी कहासुनी का बदला लेने के लिए आरोपी ने 11 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे प्रतीक को फोन करके कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर मिलने के बहाने बुलाया।
तलवार, चाकू और गंडासी से किया हमला, सिर में लगे 10 टांके
प्रतीक अपने ही गांव के साथी नितिन के साथ जैसे ही कॉलेज परिसर से बाहर निकला, वहां पहले से ही घात लगाए बैठे 25 से 30 हथियारबंद युवकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, हमलावरों के हाथों में नंगी तलवारें, गंडासी और धारदार चाकू थे। सिरफिरे युवकों ने दोनों पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। इस खौफनाक हमले में प्रतीक के सिर पर चाकू से गहरे घाव हुए, जहां अस्पताल में डॉक्टरों को 10 टांके लगाने पड़े। वहीं नितिन की ठोड़ी पर गंडासी का वार लगने से उसे भी 6 टांके आए हैं।
शोर मचने पर जान से मारने की धमकी देकर भागे, पुलिस जांच में जुटी
दिनदहाड़े सड़क पर खूनखराबा होता देख जब आसपास के लोगों और अन्य छात्रों ने शोर मचाना शुरू किया, तब जाकर आरोपी बैकफुट पर आए। जाते-जाते वे दोनों छात्रों को दोबारा दिखने पर जान से खत्म करने की खुली धमकी देकर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में लहूलुहान अवस्था में दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सिविल लाइन थाने में दर्ज हुई एफआईआर, खंगाले जा रहे सीसीटीवी
वारदात की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने पीड़ित छात्र प्रतीक के बयानों के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और दंगा भड़काने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच मुख्य सिपाही राजेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस अब कॉलेज रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में फिर लौटना शुरू हुआ मानसून 16 जिलों में बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया अपडेट

