September 15, 2026

Hisar News: हिसार के मंदिर में चादर के अंदर मिले 6 तेजधार हथियार, प्रवीन उर्फ घोलू गिरफ्तार

0
Hisar News: हिसार के मंदिर में चादर के अंदर मिले 6 तेजधार हथियार, प्रवीन उर्फ घोलू गिरफ्तार

हिसार के मंदिर में चादर के अंदर मिले 6 तेजधार हथियार

Hisar News: हिसार शहर की महाबीर कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पवित्र मंदिर के परिसर से भारी मात्रा में तेजधार हथियार बरामद हुए। 12 क्वार्टर चौकी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पीर बाबा वाली गली का रहने वाला प्रवीन उर्फ घोलू अपने घर के ठीक सामने बने मंदिर का इस्तेमाल अवैध हथियार छिपाने के लिए कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एएसआई राकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।

भागने की कोशिश में धराया आरोपी, चादर खोलते ही उड़े होश

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी प्रवीन मौके से खिसकने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने इलाके के एक स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में मंदिर के अंदर रखी बेडशीट की तलाशी ली। जैसे ही बेडशीट को खोला गया, उसमें रखे हथियारों को देखकर हर कोई हैरान रह गया। चादर के भीतर 2 तेजधार लोहे की छुरियां, 2 खतरनाक बरछे और 2 चांदनुमा हथियार छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने सभी हथियारों को अलग-अलग सील कर सीजर सूची तैयार की।

HTM थाने में आर्म्स एक्ट का पर्चा दर्ज

अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस आरोपी प्रवीन को हिरासत में लेकर एचटीएम (HTM) थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54, 59 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि आरोपी इतने घातक हथियार कहां से खरीद कर लाया था और इन्हें मंदिर जैसी जगह पर छिपाकर रखने के पीछे उसकी क्या मंशा थी। क्या वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, इस पहलू पर भी जांच जारी है।

एसपी सिद्धांत जैन की अपराधियों को सख्त चेतावनी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि हिसार में गैरकानूनी हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। एसपी ने कहा कि हथियारों के बल पर इलाके में दहशत फैलाने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की किसी भी कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ऐसे अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।

यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया 13 साल का छात्र डूबा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed