Jalalabad schools bomb threat : जलालाबाद में 4 निजी स्कूलों को बद से उड़ाने की धमकी से प्रशासन अलर्ट

जलालाबाद में 4 निजी स्कूलों को बद से उड़ाने की धमकी से प्रशासन अलर्ट
Jalalabad schools bomb threat : पंजाब के जलालाबाद से इस वक्त की एक बेहद खौफनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के चार प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। आज सुबह-सुबह ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद जहां स्कूल प्रबंधकों के हाथ-पांव फूल गए, वहीं खबर फैलते ही अभिभावकों में भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
इन प्रमुख स्कूलों को मिली धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है, उनमें शहर के जाने-माने डीएवी पब्लिक स्कूल (DAV Public School), संत कबीर गुरुकुल (Sant Kabir Gurukul) और एकमे पब्लिक स्कूल (Akme Public School) मुख्य रूप से शामिल हैं।
इन सभी स्कूलों के आधिकारिक ईमेल आईडी पर अज्ञात असामाजिक तत्वों की ओर से संदेश भेजा गया, जिसमें स्कूल परिसर को बम से उड़ाने की सीधी धमकी दी गई थी। जैसे ही सुबह कर्मचारियों ने ईमेल देखा, तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारियों को दी गई।
एहतियातन शहर के सभी निजी स्कूल कराए गए बंद
धमकी भरे ईमेल की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन, बम निरोधक दस्ता और स्वैट टीम तुरंत हरकत में आ गई। सुरक्षा के मद्देनजर और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने त्वरित फैसला लिया और जलालाबाद शहर के सभी निजी स्कूलों को तुरंत प्रभाव से बंद करवा दिया। जिन स्कूलों में बच्चे पहुंच चुके थे, वहां तुरंत छुट्टी कर दी गई और परिजनों को बुलाकर बच्चों को सुरक्षित उनके घर भिजवाया गया।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां छानबीन में जुटीं
घटना की सूचना के बाद पुलिस की विशेष टीमों ने संबंधित स्कूलों को अपने कब्जे में लेकर गहन सर्च अभियान शुरू कर दिया है। स्निफर डॉग्स और बम निरोधक दस्ते की मदद से स्कूल परिसरों के कोने-कोने की तलाशी ली जा रही है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही साइबर सेल की टीम उस ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने में जुट गई है, जहां से यह धमकी भरा संदेश भेजा गया था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हरकत के पीछे मौजूद शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।
