Ambala News: अंबाला में ताबड़तोड़ फायरिंग, 10-15 बदमाशों ने युवक को घेरा, पैर में गोली मार कार से फरार

अंबाला में ताबड़तोड़ फायरिंग, 10-15 बदमाशों ने युवक को घेरा
Ambala News: अंबाला जिले के मुलाना थाना क्षेत्र स्थित कलालटी गांव में पुरानी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। मंगलवार सुबह करीब 10 से 15 हथियारबंद बदमाशों ने खेतों की ओर जा रहे एक युवक को घेरकर उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वारदात उस वक्त हुई जब गांव निवासी बलविंद्र अपने भाइयों के साथ पशुओं के लिए चारा (घास) लेने खेतों की तरफ जा रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने बिना कोई बातचीत किए सीधे बलविंद्र पर फायरिंग शुरू कर दी।
पैर में गोली लगने से गिरा युवक, कार और फर्जी नंबर प्लेट वायरल
अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया और बलविंद्र के पैर में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी गाड़ियों और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। इसी बीच सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क से नीचे उतरी एक क्षतिग्रस्त कार दिखाई दे रही है। कार के शीशे टूटे हैं और स्थानीय लोग गाड़ी के ऊपर दो अलग-अलग नंबर प्लेट (T0226HR716P और HR05AT5043) दिखाते नजर आ रहे हैं, जिन्हें हमलावरों की गाड़ी का बताया जा रहा है।
अंबाला कैंट अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस की जांच तेज
फायरिंग के तुरंत बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने खून से लथपथ बलविंद्र को संभाला और आनन-फानन में इलाज के लिए अंबाला कैंट स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम फिलहाल उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घटना की सूचना मिलते ही मुलाना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्राइम सीन से साक्ष्य जुटाए। पुलिस वायरल वीडियो और बरामद नंबर प्लेटों की सच्चाई खंगालने में जुटी है।
बयान के आधार पर छापेमारी शुरू
मुलाना थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल बलविंद्र और उसके परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश के कारणों और वारदात में शामिल सभी आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया 13 साल का छात्र डूबा
