Yamunanagar News: माज के लिए निकले युवक का रोका रास्ता, लाठियों से कलाई-सिर फोड़ा, यमुनानगर में हड़कंप
एआई जनरेटेड फोटो।
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के जठलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गुमथलाराव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। नमाज अदा करने मस्जिद जा रहे एक निजी कंपनी के 27 वर्षीय सुपरवाइजर को आधा दर्जन युवकों ने रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों व लकड़ी के बिंडों से बेदर्दी से पिटाई कर दी। हमले में युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित की बाइक को क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
आंबेडकर भवन के पास रोका रास्ता, सिर और कलाई पर किए लाठियों से ताबड़तोड़ वार
घटना की आपबीती बताते हुए पीड़ित शेर अली खान ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में बतौर सुपरवाइजर कार्यरत है। गांव का ही रहने वाला रवि उससे काफी समय से रंजिश रखता आया है। शाम को करीब साढ़े 6 बजे जब वह नमाज पढ़ने के लिए घर से निकला, तो आंबेडकर भवन के करीब पहुंचते ही रवि, उसके ताऊ के बेटे राहुल और तीन-चार अन्य युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने डंडों से हमला बोल दिया।
सिर फटा, कलाई टूटी; डायल-112 की मदद से अस्पताल में कराया भर्ती
शेर अली के मुताबिक, मुख्य आरोपी रवि ने हाथ में लिए भारी लकड़ी के बिंडे से सीधे उसके सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बाकी आरोपियों ने जमीन पर पड़े शेर अली पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। मारपीट में उसकी दाहिनी कलाई, अंगूठे और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत डायल-112 को सूचना दी। पुलिस की गाड़ी ने घायल को रादौर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने यमुनानगर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
बाइक भी तोड़ी, पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ शुरू की कार्रवाई
हमलावरों का गुस्सा इतने पर ही शांत नहीं हुआ; उन्होंने जाते-जाते पीड़ित की मोटरसाइकिल को भी डंडों से मारकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। जठलाना थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित शेर अली की शिकायत के आधार पर आरोपी रवि, राहुल और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: फरीदाबाद में अलसुबह पुलिस एनकाउंटर, मवई नहर पर ताबड़तोड़ फायरिंग में दिल्ली के 2 बदमाश घायल
