The Great Khali Supports Amritpal Singh : द ग्रेट खली का बड़ा बयान-Punjab को अमृतपाल सिंह ही बचा सकते हैं
द ग्रेट खली का बड़ा बयान-Punjab को अमृतपाल सिंह ही बचा सकते हैं
The Great Khali Supports Amritpal Singh : पंजाब की सियासत में इन दिनों बयानों का दौर तेज हो चुका है। इसी कड़ी में जालंधर में रह रहे पूर्व WWE चैंपियन और भाजपा नेता दलीप सिंह राणा यानी ‘द ग्रेट खली’ ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राज्य में शुरू होने वाली ‘नशा मुक्त यात्रा’ से ठीक पहले खली ने खुलेआम मांग की है कि डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह को रिहा किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि पंजाब को नशे के दलदल से बाहर निकालने में अमृतपाल अहम भूमिका निभा सकते हैं।
‘अमृतपाल को नकारात्मक नजर से न देखें, युवाओं को नशे से दूर किया’
एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान खली ने अमृतपाल सिंह का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल को हमेशा गलत नजरिए से देखा जाता है, जबकि उन्होंने युवाओं को सिख परंपरा से जोड़ते हुए अमृत छकाया और सिर पर पगड़ी सजाने के लिए प्रेरित किया। खली के मुताबिक, अमृतपाल ने पंजाब की युवा पीढ़ी को ड्रग्स की भयानक लत से बचाने का बड़ा काम किया है।
अमृतपाल के राजनीतिक अनुभव पर उठने वाले सवालों पर पलटवार करते हुए खली ने साफ कहा कि पंजाब को सुधारने के लिए किसी राजनीतिक ट्रेनिंग की कोई आवश्यकता नहीं होती, इसके लिए सिर्फ साफ नीयत की जरूरत होती है। उन्होंने तर्क दिया कि पंजाब एक संवेदनशील बॉर्डर स्टेट है, इसलिए मजबूत लीडरशिप वक्त की मांग है और अमृतपाल को राजनीति में काम करने का पूरा मौका मिलना चाहिए।
‘फ्री की रेवड़ी’ पर सीएम मान को घेरा, बोले- अपने खेत बेचकर दें सुविधाएं
राजनीतिक बयानों के साथ-साथ खली ने आम आदमी पार्टी की सरकार की मुफ्त योजनाओं पर भी तीखा प्रहार किया। महिलाओं को आर्थिक सहायता देने, मुफ्त बिजली और बस सफर जैसी योजनाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जो मुफ्त दे रही है, वह जनता की जेब से ही निकालकर दे रही है।
खली ने तंज कसते हुए कहा, “अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने खेत बेचकर लोगों को मुफ्त सुविधाएं दें, तब तो उस मुफ्त का कोई मतलब बनता है। एक से टैक्स लेकर दूसरे को रेवड़ी बांटने से राज्य का विकास नहीं होता।” उन्होंने विदेशी मुल्कों का हवाला देते हुए कहा कि तरक्की तभी संभव है जब जनता को मुफ्त के लालच के बजाय बेहतर व्यवस्था और रोजगार मिले।
राजनीति में खुद की कोई दिलचस्पी नहीं, भाजपा सरकार की वकालत
खली ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी खुद की मुख्यधारा की राजनीति में आने या जालंधर से चुनाव लड़ने की कोई इच्छा नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि तमाम राजनीतिक दलों ने उनसे संपर्क साधने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने किसी के पाले में जाने से इनकार कर दिया।
पंजाब के भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो हालात काफी हद तक सुधर सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि देशहित में केंद्र सरकार बेहतर काम कर रही है, बशर्ते पंजाब में भी विकास की रफ्तार को सही दिशा मिले।

1 thought on “The Great Khali Supports Amritpal Singh : द ग्रेट खली का बड़ा बयान-Punjab को अमृतपाल सिंह ही बचा सकते हैं”