Nangal Chaudhary : नांगल चौधरी में किन्नर समाज के बधाई लेने का विवाद थमा, ग्रामीणों ने ‘मुंफली किन्नर’ को दी क्षेत्र की जिम्मेदारी
शहर वासियों को सभ्यता पूर्वक स्वेच्छा से बधाई स्वीकार करने का आश्वासन देता कन्नर।
Nangal Chaudhary : (विजय यादव) शहर में किन्नर समाज की ओर से बधाई लेने को लेकर चल रहे विवाद के बीच बुधवार को शनि मंदिर के पास ग्रामीणों और मुंफली किन्नर के बीच बैठक हुई। बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मुंफली किन्नर को क्षेत्र में बधाई लेने के लिए अधिकृत किया। साथ ही उन्हें दबाव बनाने और अभद्रता करने पर प्रशासनिक कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
नंबरदार देवेंद्र सिंह ने बताया कि मुंफली किन्नर लंबे समय से क्षेत्र में बधाई लेने का कार्य करती आ रही हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों ने उन्हें ही बधाई के लिए स्वीकार करने की सहमति दी है। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि शहर में किन्नर गुट के बधाई लेने पहुंचने पर पहले मुंफली किन्नर से संपर्क कर जानकारी ली जाएगी।
इस संदर्भ में मुंफली किन्नर ने बैठक के दौरान एक शपथपत्र भी दिया। इसमें उन्होंने स्वयं को करीब 65 वर्ष का बताते हुए कहा कि वह पिछले 30-40 वर्षों से नांगल चौधरी क्षेत्र में रहकर बधाई लेती आ रही हैं। उन्होंने भविष्य में आमजन की इच्छा के अनुसार ही भेंट लेने और किसी के साथ अभद्र व्यवहार या जबरदस्ती नहीं करने की बात कही है।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके समूह के हिस्से की भेंट कोई अन्य व्यक्ति नहीं लेगा। वहीं, मुंफली किन्नर ने दूसरे गुट पर मारपीट करने और उनके क्षेत्र में जबरन बधाई मांगने के आरोप भी लगाए।
गौरतलब है कि इससे पहले किन्नर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक मंजू चौधरी से मुलाकात कर बधाई मांगने को लेकर सामने आ रही परेशानियों से अवगत कराया था। बैठक में त्रिलोक शर्मा, सोनू तंवर, रमेश मीणा पार्षद, अमरसिंह सैनी, हजारीलाल, मोनू सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी देखें – नांगल चौधरी सीएचसी को लगी ‘सार्थक’ टीम के औचक निरीक्षण की भनक, स्टाफ हुआ अलर्ट
