Gurugram News: गुरुग्राम में थार का तांडव, नशे में धुत युवक ने कैब में बार-बार मारी टक्कर, खुले एयरबैग
गुरुग्राम में थार का तांडव, नशे में धुत युवक ने कैब में बार-बार मारी टक्कर, खुले एयरबैग
Gurugram News: गुरुग्राम की सड़कों पर रफ्तार और दबंगई का जानलेवा खेल एक बार फिर से देखने को मिला है। सेक्टर-89 (Sector 89 Gurugram) इलाके में शुक्रवार देर रात दिल्ली नंबर की महिंद्रा थार में सवार चार युवकों के बीच अचानक किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दो युवक थार से नीचे उतर गए और घर लौटने के लिए मोबाइल ऐप के जरिए एक कैब बुक कर ली। दोनों युवक सड़क किनारे कैब का इंतजार करने लगे, लेकिन उनके दूसरे साथी के सिर पर सनक सवार थी।
जैसे ही कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें सवार हुए, थार चला रहे आरोपी ने आपा खो दिया। उसने तैश में आकर अपनी गाड़ी को बैक किया और पूरी ताकत से कैब में सीधी टक्कर दे मारी। आरोपी यहीं नहीं रुका; उसने एक के बाद एक कई बार थार को पीछे करके कैब पर दे मारा, जिससे पूरी सड़क पर चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया।
एयरबैग खुलने से बची जान, मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया खौफनाक वीडियो
टक्कर इतनी भयानक थी कि कैब का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत यह रही कि जोरदार झटके के साथ कैब के दोनों फ्रंट एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे कार के अंदर मौजूद ड्राइवर और दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी होने से बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थार चला रहा युवक पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था और उसे आसपास मौजूद लोगों या किसी की जान की कोई परवाह नहीं थी।
सड़क पर चल रहे इस ड्रामे और गुंडागर्दी को देखकर आसपास मौजूद राहगीरों ने अपने मोबाइल में पूरी घटना को कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ी समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
दिल्ली नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के तुरंत बाद पीड़ित कैब ड्राइवर ने घबराते हुए खेड़की दौला थाने में पुलिस (Kherki Daula Police Station) को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
(Haryana Police Action) खेड़की दौला थाना पुलिस के मुताबिक, हमलावर की थार दिल्ली के रजिस्ट्रेशन नंबर पर दर्ज है। वायरल वीडियो और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी की सटीक पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही थार मालिक और चालक को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
