September 21, 2026

Ambala News: अंबाला में 125 साल पुराने वामन द्वादशी मेले का आगाज, जानिए 3 दिनों के बड़े आकर्षण और कार्यक्रम

0
Ambala News: अंबाला में 125 साल पुराने वामन द्वादशी मेले का आगाज, जानिए 3 दिनों के बड़े आकर्षण और कार्यक्रम

अंबाला में 125 साल पुराने वामन द्वादशी मेले का आगाज

Ambala News: उत्तर भारत की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर माने जाने वाले अंबाला के वामन द्वादशी मेले (Ambala Vaman Dwadashi Mela) की रंगत एक बार फिर शहर की फिज़ाओं में घुलने लगी है। सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय मेला 21 सितंबर से 23 सितंबर तक पुरानी अनाज मंडी (Vaman Dev Hindola Yatra) के प्रांगण में पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। 125 वर्षों से अनवरत चली आ रही इस परंपरा का मुख्य केंद्र बिंदु भगवान वामन देव के वे पांच दिव्य हिंडोले हैं, जिन्हें शहर के अलग-अलग प्राचीन मंदिरों से भव्य शोभायात्रा के रूप में लाकर एक मंच पर विराजमान (Sanatan Dharam Sabha) किया जाता है।

ठाकुरद्वारा मंदिर से उठेगा पहला हिंडोला, बाजारों से गुजरेगी भव्य शोभायात्रा

अंबाला शहर सनातन धर्म सभा के प्रधान नरेश अग्रवाल ने बताया कि मेले की औपचारिक शुरुआत 21 सितंबर को ठाकुरद्वारा मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा के साथ हो रही है। पूर्व मंत्री असीम गोयल इस शोभायात्रा को रवाना करने के साथ ही भगवान वामन के पहले हिंडोले को अपने कंधों पर उठाकर नगर परिक्रमा की शुरुआत करेंगे। शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरने वाली इस यात्रा में अन्य चार मंदिरों से आने वाले हिंडोले भी आकर मिल जाएंगे। इसके बाद सभी पांचों हिंडोलों को पुरानी अनाज मंडी में निर्मित विशाल व सुसज्जित पंडाल में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी और ड्रोन से पुष्प वर्षा, पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू जमाएंगे रंग

मेले के पहले दिन शाम को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक व धार्मिक संध्या में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस दौरान अनाज मंडी परिसर में मौजूद जनसैलाब और भगवान के हिंडोलों पर ड्रोन तकनीक के माध्यम से फूलों की वर्षा की जाएगी। भक्ति संध्या को यादगार बनाने के लिए प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू विशेष प्रस्तुतियां देंगे। वहीं मेले के दूसरे दिन यानी 22 सितंबर को प्रख्यात भजन गायिका गौरामणी अपने भजनों से समां बांधेंगी, जिसमें कृष्ण बेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मेरठ की झांकियां, 7 नामचीन बैंड और नवरंग राय तालाब में हिंडोलों का स्नान

मेले के अंतिम दिन 23 सितंबर को पुरानी अनाज मंडी से वापसी की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंचेगी। इस बार शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने के लिए जयपुर का विष्णु बैंड, आगरा का सुदीत बैंड, बालाजी, कमल, ग्रेट पॉपुलर, रवि और महादेव बैंड समेत कुल 7 मशहूर बैंड शामिल किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मेरठ से विशेष रूप से बुलाई गई धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य बिंदु होंगी। शोभायात्रा के संपन्न होने पर पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार ऐतिहासिक नवरंग राय तालाब में भगवान वामन के पांचों हिंडोलों को जलक्रीड़ा कराई जाएगी, जिसके बाद उन्हें पुनः उनके मूल मंदिरों में आदरपूर्वक स्थापित कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें–  हरियाणा से मानसून की विदाई तय, दिन में तीखी धूप तो रात में गिरा पारा, जानिए अपने शहर का हाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed