September 22, 2026

ED Raid GMADA Mohali : मोहाली के GMADA ऑफिस पर ED का बड़ा छापा, ‘रेमिगेट’ और सीएलयू मामलों से जुड़े दस्तावेज जब्त

0
ED Raid GMADA Mohali : मोहाली के GMADA ऑफिस पर ED का बड़ा छापा, 'रेमिगेट' और सीएलयू मामलों से जुड़े दस्तावेज जब्त

मोहाली के GMADA ऑफिस पर ED का बड़ा छापा, 'रेमिगेट' और सीएलयू मामलों से जुड़े दस्तावेज जब्त

ED Raid GMADA Mohali :  पंजाब के शहरी विकास महकमे के मुख्य केंद्र मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी गमाडा (GMADA) में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमें अचानक धमक पड़ीं। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CRPF) के भारी सुरक्षा घेरे के साथ पहुंची ईडी के अधिकारियों ने आते ही पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया।

इस उच्च स्तरीय छापेमारी का मुख्य फोकस चर्चित ‘रेमिगेट’ मामले के अलावा उन तमाम फाइलों और दस्तावेजों को खंगालना था, जिन पर प्राइवेट रियलटर्स और बिल्डरों को नियमों को ताक पर रखकर जमीन के इस्तेमाल में बदलाव यानी सीएलयू (CLU) की मंजूरी देने के गंभीर आरोप हैं।

तीन मंजिलें सील, अधिकारियों के मोबाइल कब्जे में

छापेमारी की कार्रवाई इतनी गोपनीय और तेज थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। केंद्रीय एजेंसी (ED) ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए Gmada दफ्तर की कम से कम तीन मंजिलों को पूरी तरह सील कर दिया।

अंदर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई, जबकि Gmada महकमे के तमाम बड़े अधिकारियों के मोबाइल फोन तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिए गए ताकि बाहरी दुनिया से उनका संपर्क काटा जा सके। अंदरखाने सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गमाडा के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरी तरह सकते में आ गए।

हाउसिंग सेक्रेटरी के कमरे में चली मैराथन पूछताछ

जांच का दायरा बढ़ाते हुए ED के अधिकारियों ने गमाडा के शीर्ष अधिकारियों—जिनमें एस्टेट ऑफिसर, एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर और चीफ इंजीनियर शामिल हैं—को हाउसिंग सेक्रेटरी के कमरे में तलब किया। इन सभी से जमीन अधिग्रहण के मामलों, प्रापर्टी की नीलामी प्रक्रिया और प्राइवेट डेवलपर्स को कथित तौर पर अवैध रूप से वित्तीय लाभ पहुंचाने के एंगल पर घंटों पूछताछ की गई।

एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पिछले कुछ सालों में सरकारी नियमों में फेरबदल कर के किसे और कितना फायदा पहुंचाया गया है। चर्चा यह भी है कि शुरुआती दस्तावेजों की स्क्रूटनी के बाद कुछ अधिकारियों को आगे की कड़ी पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया जा सकता है।

कई सालों की गड़बड़ियों पर टिकी नजरें

प्रवर्तन निदेशालय पिछले काफी समय से पंजाब में रियल एस्टेट सेक्टर और प्रशासनिक स्तर पर हुए भूमि घोटालों की परतें टटोल रहा है। गमाडा के भीतर हुई इस बड़ी रेड से साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में कई बड़े चेहरे जांच के दायरे में आ सकते हैं।

फिलहाल दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और अंदर दस्तावेजों को खंगालने का दौर लगातार जारी है। इस कार्रवाई के बाद से पूरे पंजाब के प्रशासनिक हलकों में भूचाल सा आ गया है और अन्य विभागों के अधिकारी भी अपनी फाइलों को लेकर पसोपेश में हैं।

Punjab Police Viral Audio Uniform : पंजाब पुलिस ने वर्दी न पहनने के वायरल दावों को किया खारिज

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed