Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 में कुशल तंवर उर्फ ‘गुल्लू’ ने कबूला तलाक का सच, बोले- 5 महीने ही चली शादी
बिग बॉस 20 में कुशल तंवर उर्फ 'गुल्लू' ने कबूला तलाक का सच
Bigg Boss 20: टेलीविजन के सबसे विवादित और लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में कंटेस्टेंट्स के राज खुलने का सिलसिला जारी है। इस बार शो के सबसे चर्चित चेहरों में से एक कुशल तंवर, जिन्हें फैंस प्यार से ‘गुल्लू’ कहते हैं, ने अपनी निजी जिंदगी का ऐसा पन्ना खोला जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। अब तक अपनी शादी की खबरों को महज अफवाह या तस्वीरें फेक बताने वाले गुल्लू ने नेशनल टेलीविजन पर आखिरकार यह कबूल कर लिया कि वे शादीशुदा थे और उनका तलाक हो चुका है।
बीते एपिसोड में गुल्लू अपने सह-प्रतियोगी और गायक काजी तौकीर के साथ अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ावों पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान बातचीत में गुल्लू ने खुलासा किया कि उन्होंने अपनी जिंदगी में जो दर्द झेला है, वैसा घर के किसी अन्य सदस्य ने शायद ही झेला हो। जब काजी ने हैरानी जताई तो गुल्लू ने अपने इस सबसे बुरे दौर और तलाक की पूरी कहानी साझा की।
“तलाक की वजह से परिवार भी हो गया था खिलाफ”: गुल्लू का छलका दर्द
अपनी शादी के दिनों को याद करते हुए कुशल तंवर ने बताया कि हमारे समाज में अक्सर लड़के को सेटल करने या सुधारने के नाम पर जल्दबाजी में शादी करा दी जाती है। उन्होंने कहा, “मेरा 2024 में तलाक हो चुका है। परिवार के भारी दबाव में आकर मैंने शादी की थी, लेकिन रिश्ता महज 4-5 महीने ही टिक पाया। जब शादी टूटने की नौबत आई तो हर किसी को यही लगा कि गलती मेरी ही है। मैंने रिश्ते को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन जब मुझे समझ आ गया कि आगे कोई भविष्य नहीं है, तो मैंने पीछे हटने का फैसला किया।”
गुल्लू ने काजी तौकीर को बताया कि जब वे रियलिटी शो ‘रोडीज’ का हिस्सा थे और टीम के साथ गोवा में शूटिंग कर रहे थे, तभी अचानक उनकी शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर लीक हो गईं। उस समय उन्हें लगा कि उनका उभरता हुआ करियर पूरी तरह खत्म हो चुका है। गुल्लू के मुताबिक, उनकी पत्नी तलाक नहीं चाहती थीं और इस फैसले की वजह से उनका अपना परिवार भी उनके खिलाफ खड़ा हो गया था।
अकेलेपन से सीखा जिंदगी जीने का सलीका
गुल्लू ने बताया कि परिवार के खिलाफ जाकर तलाक लेने के फैसले ने उन्हें मानसिक रूप से बेहद तोड़ दिया था। यह दौर उनके लिए इतना दर्दनाक था कि वे गहरे डिप्रेशन में चले गए थे। हालांकि, इसी दौर ने उन्हें अकेले रहना और विषम परिस्थितियों से लड़कर आगे बढ़ना सिखाया।
आपको बता दें कि इससे पहले जब भी सोशल मीडिया पर उनकी शादी की तस्वीरें वायरल होती थीं, तो वे उन्हें फेक बताते आए थे। लेकिन ‘बिग बॉस 20’ के मंच पर उनके इस सच को स्वीकार करने के बाद फैंस उनके प्रति काफी सहानुभूति जता रहे हैं और उनके इस कठिन सफर की सराहना कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें– ट्रोल्स के खिलाफ सलमान खान के समर्थन में उतरी टीवी इंडस्ट्री, धीरज धूपर और कुशाल टंडन बोले- ‘ये करारा तमाचा है’
