September 25, 2026

Karnal Crime: करनाल में बेटे के सिर पर डंडा मारा, आरोपी के घर पहुंचे पिता की मारपीट के बीच मौत

0
Karnal Crime: करनाल में बेटे के सिर पर डंडा मारा, आरोपी के घर पहुंचे पिता की मारपीट के बीच मौत

करनाल में बेटे के सिर पर डंडा मारा, आरोपी के घर पहुंचे पिता की मारपीट के बीच मौत

Karnal Crime: करनाल जिले के गांव कंबोपुरा में शुक्रवार सुबह रंजिश की आग ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। गांव में पुरानी लड़ाई का गवाह बनने से खुन्नस खाए एक युवक ने पहले तो रास्ते में रोककर एक युवक के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद जब घायल युवक के माता-पिता और परिजन शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे, तो वहां दोबारा जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान 56 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।

सामान लेने निकले बेटे पर अचानक बोला हमला

मधुबन थाना पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित कमल ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह किसी घरेलू सामान के लिए अपनी स्कूटी पर निकला था। जैसे ही वह गली से गुजर रहा था, तभी गांव का ही रहने वाला अक्षय अपनी बैठक से बाहर आया और उस पर ताबड़तोड़ डंडे से वार कर दिया। डंडा सीधे कमल के सिर पर लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने उसकी स्कूटी में भी जमकर तोड़फोड़ की।

आरोपी के घर पहुंचे तो फिर हुई मारपीट, पिता ने तोड़ा दम

जब सिर से खून से लथपथ कमल घर पहुंचा और आपबीती बताई, तो उसके पिता राजपाल (56), मां और चाचा आक्रोशित होकर आरोपी के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां बातचीत करने के बजाय आरोपी पक्ष ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इसी धक्का-मुक्की और हाथापाई के बीच राजपाल अचानक बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े। जब तक परिजन उन्हें संभाल पाते या अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करते, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुराने झगड़े में गवाही को लेकर चल रही थी तनातनी

कमल का आरोप है कि पिछले रविवार को गांव में एक विवाद हुआ था, जिसमें उनका परिवार मुख्य गवाह था। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष लगातार उन पर गवाही न देने का दबाव बना रहा था और जान से मारने की धमकियां दे रहा था। कमल का यह भी दावा है कि आरोपी खुद को स्थानीय राजनीति से जुड़े एक पार्षद का करीबी बताकर धौंस जमाता था।

पोस्टमार्टम की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाने से सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा कराया जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें– Suruchi Phogat Gold: एशियन रिकॉर्ड के साथ झज्जर की बेटी का कमाल! 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत ने जीता गोल्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed