September 25, 2026

पिंजौर में गाड़ी के टायर के नीचे आया पत्थर सड़क से उछलकर ज्वैलरी शोरूम में गिरा, 12 एमएम शीशा चकनाचूर

0
पिंजौर में गाड़ी के टायर के नीचे आया पत्थर सड़क से उछलकर ज्वैलरी शोरूम में गिरा, 12 एमएम शीशा चकनाचूर

पिंजौर में सड़क से उछला पत्थर, ज्वेलरी शोरूम का 12 एमएम शीशा चकनाचूर

Panchkula local news: पिंजौर के मेन बाजार में शुक्रवार सुबह सड़क पर पड़ा एक पत्थर अचानक उछलकर ज्वेलरी शोरूम के शीशे से जा टकराया। पत्थर इतनी तेजी से उछला कि शोरूम का करीब 12 एमएम मोटा शीशा पूरी तरह टूट गया। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। उस समय शोरूम के अंदर कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। गनीमत रही कि कांच टूटने के बावजूद किसी को चोट नहीं आई। शोरूम मालिक भूपिंदर बंसल के मुताबिक, मेन बाजार की खराब सड़क से एक गाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पर पड़ा पत्थर गाड़ी के टायर के नीचे आ गया और दबाव पड़ते ही तेजी से उछल गया। कुछ ही सेकंड में पत्थर शोरूम के शीशे से जा टकराया।

पत्थर की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने 12 एमएम मोटे शीशे को तोड़ दिया। शीशा टूटने के बाद पत्थर शोरूम के अंदर करीब 20 फीट दूर जाकर गिरा। कांच के छोटे-बड़े टुकड़े शोरूम के अंदर और आसपास काफी दूर तक बिखर गए। घटना के समय शोरूम में मौजूद लोगों में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि किसी ग्राहक या कर्मचारी को चोट नहीं लगी। आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए और टूटे हुए शीशे को देखकर सड़क की स्थिति पर चिंता जताई।

 

 

गड्ढों के कारण दुकानदारों और राहगीरों को खतरा

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पिंजौर मेन बाजार की सड़क पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं। सड़क पर कई जगह पत्थर और निर्माण सामग्री का मलबा भी पड़ा रहता है। वाहनों के टायरों के नीचे आने के बाद ये पत्थर तेज रफ्तार से उछल सकते हैं। दुकानदारों के मुताबिक, शुक्रवार की घटना में पत्थर सीधे शोरूम के शीशे से टकराया, लेकिन अगर यही पत्थर किसी राहगीर, दुकानदार या वाहन चालक को लगता तो गंभीर चोट लग सकती थी। वहीं, टूटे हुए कांच के बड़े टुकड़े भी किसी व्यक्ति के लिए खतरा बन सकते थे।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार की सड़क की हालत सुधारने की मांग की। उनका कहना है कि गड्ढों के कारण आए दिन वाहनों को परेशानी होती है और सड़क पर पड़े पत्थर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। व्यापारियों ने सड़क की मरम्मत के साथ-साथ सड़क पर पड़े पत्थरों और मलबे को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की हालत ठीक नहीं की गई तो भविष्य में किसी राहगीर या दुकानदार को नुकसान पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed