Ateli Mandi : अटेली मंडी में रामलीला मंचन की तैयारियां शुरू, झंडा चौक पर 5 अक्टूबर से सजेगा मंच, इस बार पहली बार होगा 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन
झंडा चौक पर रामलीला की रिहर्सल करते हुए कलाकार।
Ateli Mandi : अटेली मंडी के झंडा चौक पर श्री शिव रामलीला समिति की ओर से रामलीला मंचन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समिति के कलाकार नियमित रूप से रिहर्सल कर रहे हैं। झंडा चौक पर पांच अक्टूबर से रामलीला का मंचन किया जाएगा।
रिहर्सल के दौरान कलाकार अपने-अपने पात्रों के संवाद, अभिनय और भाव-भंगिमाओं का अभ्यास कर रहे हैं। हनुमान का किरदार संजय गुप्ता, दशरथ का एडवोकेट सुनील, सुग्रीव का वेद प्रकाश, ताड़का का राकेश सैनी, शंकर का पिंकू शर्मा और रावण का किरदार पवन शास्त्री निभा रहे हैं।
बाणासुर की भूमिका गौरव गर्ग और मनोज कावटिया निभा रहे हैं जबकि राजवीर भी विशेष भूमिका के लिए रिहर्सल कर रहे हैं। इस बार रामलीला के साथ रावण दहन को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
समिति के अनुसार अटेली में पहली बार 60 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके अलावा 50 फुट ऊंचा कुंभकरण और 40 फुट ऊंचा मेघनाथ का पुतला तैयार किया जाएगा। बड़े पुतलों को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।
समिति से जुड़े विक्की पंजाबी ने बताया कि रामलीला मंचन को लेकर कलाकार लगातार अभ्यास कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर मंच, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां भी की जा रही हैं। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्श और मर्यादा का संदेश दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
यह भी देखें – अटेली सीएचसी में विश्व हृदय दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर, 52 मरीजों की हुई स्क्रीनिंग, चार में मिला उच्च रक्तचाप
