Chandigarh crime news: मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी IPS बनकर PhD छात्रा को फंसाया; 11.50 लाख और सोने के गहने ठगे, आरोपी गिरफ्तार
खुद को रॉ एजेंट बताकर PhD छात्रा से ठगी
Chandigarh crime news: मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी IPS अधिकारी बनकर युवती को शादी के जाल में फंसाने और लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने AI की मदद से पुलिस की वर्दी में अपनी फोटो तैयार कराई और खुद को कभी IPS अधिकारी, कभी एक्साइज विभाग का असिस्टेंट कमिश्नर तो कभी रॉ एजेंट बताया। पुलिस ने हरियाणा के रोहतक निवासी अमित कुमार बल्हारा को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि उसने चंडीगढ़ की एक PhD छात्रा का भरोसा जीतकर उससे करीब 11.50 लाख रुपये नकद, 6-7 तोले सोने के गहने और लैपटॉप ले लिया। आरोपी ने सुरक्षा का हवाला देकर छात्रा के दस्तावेजों पर बैंक खाता भी खुलवाया और उसकी पासबुक, ATM कार्ड तथा नया सिम कार्ड अपने पास रख लिया। बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन होने पर बैंक ने इसे फ्रीज कर दिया, जिसके बाद ठगी का मामला सामने आया।
मैट्रिमोनियल साइट पर वर्दी वाली फोटो लगाकर शुरू की बातचीत
सेक्टर-20 निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इसी साल मार्च में मैट्रिमोनियल साइट पर उसकी नजर आरोपी की प्रोफाइल पर पड़ी थी। प्रोफाइल में आरोपी की वर्दी पहने हुए फोटो लगी थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क फोन और दूसरे माध्यमों तक पहुंच गया। आरोपी ने युवती को प्रभावित करने के लिए अलग-अलग सरकारी पदों पर तैनात होने का दावा किया। कभी उसने खुद को एक्साइज विभाग का असिस्टेंट कमिश्नर बताया तो कभी IPS अधिकारी और रॉ एजेंट होने की बात कही। पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रोफाइल पर लगाई गई IPS वर्दी वाली तस्वीर असली नहीं थी, बल्कि AI की मदद से तैयार की गई थी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने युवती का भरोसा जीतने के लिए अपनी मां की बीमारी और पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया। उसने बताया कि उसकी मां बीमार रहती हैं और पिता उनकी देखभाल नहीं करते। आरोपी ने यह भी कहा कि उसने मेहनत से अपना मुकाम हासिल किया है। आरोप है कि उसने युवती को भावनात्मक रूप से प्रभावित करने के लिए यहां तक कहा कि यदि वह उसकी जीवनसाथी बनती है तो उसकी मां भी ठीक हो जाएंगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और डेटिंग शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया।
सरकारी नौकरी का झांसा देकर लिए पैसे और गहने
आरोपी ने युवती को हरियाणा सरकार में अपनी ऊंची पहुंच होने का दावा किया। उसने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा भी दिया। शादी और नौकरी के वादों के बीच आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर युवती से पैसे और कीमती सामान लेना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उससे करीब 11.50 लाख रुपये नकद, 6-7 तोले सोने के गहने और एक लैपटॉप ले लिया। युवती को भरोसा था कि आरोपी उससे शादी करेगा और सरकारी नौकरी दिलाने में मदद करेगा। इसी भरोसे के चलते वह आरोपी को पैसे और सामान देती रही।
आरोपी ने खुद को रॉ एजेंट बताते हुए युवती से कहा कि सुरक्षा कारणों से वह अपने नाम पर बैंक खाता नहीं खुलवा सकता। इसके बाद उसने पीड़िता के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसके नाम पर बैंक खाता खुलवा लिया। खाता खुलने के बाद आरोपी ने उसकी पासबुक, ATM कार्ड और नया सिम कार्ड अपने पास रख लिया। उसने युवती को बताया कि सुरक्षा कारणों से बैंक से जुड़े OTP और अन्य जानकारी उसी के पास रहनी चाहिए। इस तरह खाते का नियंत्रण भी आरोपी के पास चला गया।
संदिग्ध ट्रांजेक्शन से खुला ठगी का मामला
करीब दो महीने पहले बैंक ने संदिग्ध लेनदेन के चलते युवती का खाता फ्रीज कर दिया। इसके बाद बैंक मैनेजर ने उससे संपर्क किया और खाते में गलत तथा संदिग्ध ट्रांजेक्शन होने की जानकारी दी। बैंक से सूचना मिलने के बाद युवती को आरोपी पर शक हुआ। पीड़िता ने आरोपी से अपने पैसे, गहने और अन्य सामान वापस मांगे। आरोप है कि सामान लौटाने के बजाय आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। युवती के मुताबिक, आरोपी ने उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोहतक की शिवाजी कॉलोनी निवासी अमित कुमार बल्हारा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया है। जांच में मोबाइल में मौजूद चैट, फोटो, वीडियो, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही बैंक खाते में हुए संदिग्ध लेनदेन और आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से किसी अन्य युवती को भी निशाना बनाया था या नहीं। मामले में डिजिटल साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
