Kaithal Anti Encroachment Drive: कैथल में अतिक्रमण पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दुकानों के बाहर से सामान उठाने पर भड़के व्यापारी, जमकर हुआ हंगामा
कैथल में अतिक्रमण पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दुकानों के बाहर से सामान उठाने पर भड़के व्यापारी
Kaithal Anti Encroachment Drive: कैथल शहर को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। शहर के व्यस्तम पार्क रोड, पुराना बस स्टैंड और छात्रावास रोड पर जब ट्रैफिक पुलिस नगर परिषद की टीम के साथ सड़कों को साफ कराने पहुंची, तो दुकानदारों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। दुकानों के बाहर 10-10 फीट तक फैला सामान जब टीमों ने ट्रॉलियों में भरना शुरू किया, तो मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
कार्रवाई से भड़के दुकानदारों ने पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा ट्रालियों में रखे जा रहे सामान को जबरन वापस उतारने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने दुकानदारों को रोक दिया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने फोन मिलाकर राजनीतिक सिफारिशें लगवाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने किसी की एक न सुनी और अवैध रूप से रखा सामान जब्त कर गाड़ियों में लोड करवा दिया।
5 दिन से हो रही थी मुनादी, फिर भी बेपरवाह दिखे दुकानदार
मामले की जानकारी देते हुए ट्रैफिक एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस पिछले पांच दिनों से लगातार पूरे शहर में ऑटो और लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी करवा रही थी। दुकानदारों से बार-बार अपील की जा रही थी कि वे अपनी दुकानों की हद के भीतर ही सामान रखें ताकि सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने चेतावनियों को पूरी तरह अनदेखा कर दिया।
अतिक्रमण के चलते इन मुख्य रास्तों पर हर रोज लंबा जाम लग रहा था, जिसकी शिकायतें स्थानीय नागरिकों और राहगीरों द्वारा लगातार पुलिस को मिल रही थीं। जनता की परेशानी को देखते हुए ही बुधवार को नगर परिषद की टीम को साथ लेकर यह सरप्राइज चेकिंग और जब्ती अभियान चलाया गया।
सख्त हिदायत: खुद हटा लें सामान, वरना दर्ज होंगी एफआईआर
कार्रवाई के दौरान व्यापारियों के विरोध पर ट्रैफिक एसएचओ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार की जा रही अपीलों का जब दुकानदारों पर कोई असर नहीं हो रहा है, तो पुलिस को सख्त कदम उठाने ही पड़ेंगे।
उन्होंने शहर भर के सभी दुकानदारों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि वे खुद ही सड़कों और पैदल पथ (फुटपाथ) से अपना सामान हटा लें। अगर इसके बाद भी कोई दुकानदार सड़क पर कब्जा जमाए पाया गया, तो उसका सामान जब्त करने के साथ-साथ संबंधित दुकानदार के खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत केस (FIR) भी दर्ज कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें– करनाल में 8 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार, जांच में सामने आए विदेशी नंबरों के सुराग
