September 30, 2026

Yamunanagar Instagram Friend Rape Case: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, होटल में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग, जगाधरी की छात्रा से दरिंदगी करने वाला यूपी का आरोपी गिरफ्तार

0
Yamunanagar Instagram Friend Rape Case: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, होटल में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग, जगाधरी की छात्रा से दरिंदगी करने वाला यूपी का आरोपी गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, होटल में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग, जगाधरी की छात्रा से दरिंदगी करने वाला यूपी का आरोपी गिरफ्तार

Yamunanagar Instagram Friend Rape Case: यमुनानगर में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई एक जान-पहचान युवती के लिए दुःस्वप्न बन गई। इंस्टाग्राम पर दोस्ती गाढ़ी होने के बाद शादी का झांसा देकर एक छात्रा से न सिर्फ बार-बार दुष्कर्म किया गया, बल्कि नशीला पदार्थ देकर उसका गर्भपात भी करवा दिया गया। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आखिरकार पीड़िता के साहस जुटाकर महिला थाने में गुहार लगाने के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव बगदाद निवासी आदित्य के रूप में हुई है, जो फिलहाल यमुनानगर के शादीपुर इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहा था।

पहले नशीला पदार्थ पिलाकर मिटाई हवस, फिर जबरन कराया गर्भपात

महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिलावंती ने मामले का ब्योरा देते हुए बताया कि मूल रूप से करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता जगाधरी के एक संस्थान से प्रोफेशनल कोर्स कर रही है। करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी मुलाकात आदित्य से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती पर मिलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

शिकायत के मुताबिक, एक दिन आरोपी बहला-फुसलाकर युवती को एक होटल में ले गया, जहां उसने युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेसुध होने पर आरोपी ने उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान जब युवती गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने चालाकी से उसे कोई दवाई खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण, पुलिस ने भेजा जेल

गर्भपात के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा। वह लगातार शादी करने का झूठा दिलासा देकर छात्रा का दैहिक शोषण करता रहा। हाल ही में जब पीड़िता ने उस पर शादी करने के लिए कड़ा रुख अपनाया, तो आरोपी अपने असली रूप में आ गया। उसने युवती को साफ मना करते हुए जान से मारने की धमकी दी और खुलासा किया कि उसने आपत्तिजनक पलों के अश्लील वीडियो बना रखे हैं, जिन्हें वह सोशल मीडिया पर लीक कर देगा।

धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और महिला थाने में तहरीर दी। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही बीएनएस (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी आदित्य को शादीपुर से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें– करनाल में 8 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार, जांच में सामने आए विदेशी नंबरों के सुराग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed