October 2, 2026

India First AI Satellite MOI 1A: भारत ने रचा इतिहास- अंतरिक्ष में भेजा पहला AI सैटेलाइट MOI-1A, दुनिया का चौथा देश बना

0
India First AI Satellite MOI 1A: भारत ने रचा इतिहास- अंतरिक्ष में भेजा पहला AI सैटेलाइट MOI-1A, दुनिया का चौथा देश बना

भारत ने रचा इतिहास- अंतरिक्ष में भेजा पहला AI सैटेलाइट MOI-1A, दुनिया का चौथा देश बना

India First AI Satellite MOI 1A: भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र और स्पेस-टेक स्टार्टअप्स ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। भारत ने अपना पहला ऐसा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित ‘ऑर्बिटल कंप्यूटिंग’ सैटेलाइट अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया है, जो सिर्फ तस्वीरें खींचकर पृथ्वी पर नहीं भेजेगा, बल्कि उन तस्वीरों का विश्लेषण (Analysis) भी अंतरिक्ष में ही कर लेगा। हैदराबाद की निजी स्पेस-टेक कंपनी ‘टेकमीटूस्पेस’ (TakeMe2Space) द्वारा निर्मित इस सैटेलाइट ‘एमओआई-1ए’ (MOI-1A) को स्पेसएक्स के ‘ट्रांसपोर्टर-18’ मिशन के जरिए रात 11:48 बजे सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया।

इस कामयाबी के साथ ही भारत अमेरिका, यूरोपीय संघ (EU) और चीन के बाद अंतरिक्ष में ऑर्बिटल कंप्यूटिंग क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है।

धरती पर भेजने से पहले अंतरिक्ष में ही होगी डेटा की छंटाई

पारंपरिक सैटेलाइट तकनीक में सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि सैटेलाइट द्वारा ली गई हजारों तस्वीरें और भारी-भरकम डेटा पहले धरती पर मौजूद स्टेशन को भेजा जाता है। इसके बाद सुपरकंप्यूटर और वैज्ञानिक उस डेटा की जांच करके उपयोगी जानकारी निकालते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय और बैंडविड्थ खर्च होती है।

कंपनी ‘टेकमीटूस्पेस’ के सीईओ रौनक कुमार सामंत राय ने इस तकनीक की खासियत समझाते हुए बताया कि अगर सैटेलाइट ने 300 जीबी (GB) डेटा जुटाया है और उसमें से केवल 5 जीबी डेटा ही हमारे काम का है, तो सैटेलाइट में मौजूद AI सिस्टम अपने आप जरूरी डेटा की पहचान कर लेगा। वह बिना किसी इंसानी मदद के बेकार के डेटा को हटाकर केवल 5 जीबी की काम की रिपोर्ट ही पृथ्वी पर भेजेगा। इससे डेटा ट्रांसफर में लगने वाला समय और सैटेलाइट संचालन का खर्च दोनों काफी कम हो जाएंगे।

आपदा प्रबंधन से लेकर सीमा की निगरानी में मिलेगा सीधा फायदा

अंतरिक्ष में ही डेटा विश्लेषित करने की यह अत्याधुनिक क्षमता देश की सुरक्षा से लेकर आम नागरिक की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाएगी।

आपदा में त्वरित मदद: बाढ़ या सुनामी जैसी स्थिति में सैटेलाइट तुरंत प्रभावित इलाके का नक्शा तैयार करेगा और यह सटीक डेटा भेजेगा कि पानी कितने क्षेत्र में फैला है। इससे राहत और बचाव दल बिना समय गंवाए मौके पर पहुंच सकेंगे।

सीमा सुरक्षा: एलएसी या एलओसी जैसे संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में किसी भी अवांछित गतिविधि या घुसपैठ का तुरंत विश्लेषण कर यह सेना को रियल-टाइम अलर्ट जारी कर सकेगा।

सटीक कृषि व खनन: जंगलों की आग, फसलों के स्वास्थ्य, अवैध खनन और भूमि उपयोग का रियल-टाइम डेटा वैज्ञानिकों और सरकार को आसानी से मिल सकेगा।

2028 तक अंतरिक्ष में ही डेटा सेंटर स्थापित करने की महात्वाकांक्षी योजना

इस सफल लॉन्चिंग के बाद भारतीय स्टार्टअप ‘टेकमीटूस्पेस’ ने भविष्य के लिए और भी बड़ा खाका तैयार कर लिया है। कंपनी की योजना वर्ष 2028 तक अंतरिक्ष में ही एक विशाल ‘डेटा सेंटर’ स्थापित करने की है।

इसके तहत 100-100 किलोग्राम वजन वाले उच्च क्षमता के कई सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे। इन सैटेलाइट्स में उच्च क्षमता वाले ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) और करीब 100 टेराबाइट (TB) की स्टोरेज क्षमता होगी। इन सैटेलाइट्स के नेटवर्क को एक-दूसरे से जोड़कर अंतरिक्ष में ही समानांतर डेटा प्रोसेसिंग की सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे भारतीय स्पेस इंडस्ट्री को नए आयाम मिलेंगे।

यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed