Narnaul: गर्भधारण से पहले सेहत जांच सुरक्षित मातृत्व की पहली सीढ़ी
Narnaul: महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आज गांव नांगतिहाड़ी आंगनवाड़ी केंद्र में सरपंच मंजू देवी की अध्यक्षता में आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, महिलाओं के स्वास्थ्य, कुपोषण से बचाव और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करना है। गोदभराई रस्म में पोषण अभियान की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रिया ने महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ दिखने वाले शरीर में भी कई बार बीपी, शुगर, खून की कमी, पथरी, टीबी और एचआईवी जैसी बीमारियां छिपी होती हैं, जिनका पता गर्भधारण से पहले की जांच में ही चल सकता है। यदि कोई बीमारी मिलती है तो उसे चिकित्सा के द्वारा नियंत्रित कर गर्भधारण करें।जांच को नजरअंदाज करने पर बाद में गर्भवती महिला को शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। इसलिए गर्भधारण से पहले पूरी स्वास्थ्य जांच कराकर ही आगे की योजना बनाएं।
इस दौरान उन्होंने छोटे बच्चों को संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित टीकाकरण के बारे में भी जागरूक किया।
आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए खेल-खेल में शिक्षा गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें कविता, रंग-बिरंगे खिलौनों और ब्लॉक्स के जरिए अक्षर ज्ञान, रंगों की पहचान और अच्छी आदतें सिखाई गईं। साथ ही बच्चों के वजन, लंबाई और स्वास्थ्य की जांच कर अभिभावकों को परामर्श दिया गया।
समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर आंगनवाड़ी वर्कर अरुणा यादव, आशा वर्कर पुष्पलता व सुनीला देवी, पंच विनोद कुमारी, आंगनवाड़ी सहायिका दीपक देवी, मंजू देवी सहित अन्य ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रही।
यह भी देखें ‘उम्र तो बस एक नंबर है’, स्पीति वैली में साइकिल से घूमते दिखा 62 का विदेशी
