Ambala News: देर रात सड़क पर बेसुध पड़े जोमैटो बॉय के लिए देवदूत बनी पुलिस, SP ने किया सम्मानित

देर रात सड़क पर बेसुध पड़े जोमैटो बॉय के लिए देवदूत बनी पुलिस
Ambala News: अंबाला में खाकी का मानवीय चेहरा और मुस्तैदी एक बार फिर मिसाल बनी है। अंबाला-हिसार मुख्य मार्ग पर देर रात हुए एक भीषण हादसे में खून से लथपथ और बेसुध पड़े बाइक सवार युवक के लिए डायल-112 की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ERV) की टीम फरिश्ता बनकर पहुंची। पुलिसकर्मियों की तत्परता और त्वरित फैसले की बदौलत युवक को सही समय पर इलाज मिल सका और उसकी जान बच गई। जवानों की इस सराहनीय सेवा भावना को देखते हुए अंबाला के पुलिस अधीक्षक (SP) अजीत सिंह शेखावत ने टीम को अपने कार्यालय बुलाकर विशेष रूप से सम्मानित किया है।
काम निपटाकर घर लौट रहा था पंकज, जीटी रोड पर हादसे के बाद बिखड़ा पड़ा था शरीर
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव नसीरपुर (नसीमपुर दुगाना) निवासी पंकज कुमार जोमैटो में ऑनलाइन फूड डिलीवरी का काम करता है। 1 सितंबर की रात करीब 3:30 बजे वह दिनभर का काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान अंबाला-हिसार रोड पर दुर्गा नगर स्थित पेट्रोल पंप के समीप वह हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पंकज की बाजू में गंभीर फ्रैक्चर आ गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें लगीं। दर्द से कराहता हुआ पंकज सड़क किनारे बेसुध होकर गिर पड़ा।
राहगीर की कॉल और 112 की फुर्ती: मिनटों में मौके पर पहुंची ईआरवी-103
अंधेरी रात में वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर जब सड़क किनारे पड़े घायल युवक पर पड़ी, तो उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। कॉल मिलते ही नाइट गश्त पर तैनात ERV-103 की टीम—जिसमें इंचार्ज उपनिरीक्षक (SI) रणधीर सिंह, चालक SPO सुरेश कुमार और SPO रणबीर सिंह शामिल थे—बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंची। एसआई रणधीर सिंह ने बताया कि युवक बेहद नाजुक हालत में था। टीम ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय बिना देरी किए घायल पंकज को अपनी ही पुलिस गाड़ी में लिटाया और सीधे सिविल अस्पताल अंबाला शहर लेकर दौड़ी, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उसका इलाज शुरू कर दिया।
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने थपथपाई पीठ, दिया प्रशंसा पत्र
पुलिसकर्मियों के इस त्वरित और संवेदनशीलता से भरे कार्य की जानकारी जब उच्च अधिकारियों तक पहुंची, तो एसपी अंबाला अजीत सिंह शेखावत ने तीनों जवानों को अपने कार्यालय में आमंत्रित किया। एसपी ने एसआई रणधीर सिंह, एसपीओ सुरेश कुमार और एसपीओ रणबीर सिंह को प्रशंसा पत्र देकर उनकी हौसला अफजाई की। एसपी ने कहा कि संकट की घड़ी में आमजन की सुरक्षा, सेवा और सहायता ही हरियाणा पुलिस का मुख्य ध्येय है। गौरतलब है कि अंबाला डायल-112 की टीम इससे पहले भी ईमानदारी की मिसाल पेश कर चुकी है, जब फरवरी महीने में थाना पड़ाव क्षेत्र की टीम ने 22 हजार रुपये से भरा लावारिस पर्स ढूंढकर पूरी ईमानदारी से पुलिस मालखाने में जमा कराया था।
यह भी पढ़ें– सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य की अनोखी पहल, अंबाला में गूंजा फिजियोथेरेपी और ट्रैफिक नियमों का संदेश
