Ateli Mandi News: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राता में सोमवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गांव निवासी कर्नल मनोज यादव ने कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
इस पहल की विद्यालय के प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों और गांव के गणमान्य लोगों ने सराहना की है। विद्यालय के प्राचार्य सोमदत्त शर्मा ने बताया कि कक्षा 12वीं में हिमांशी और कक्षा 10वीं में यशोदा विद्यालय की टॉपर रही हैं। दोनों छात्राओं को कर्नल मनोज यादव की ओर से सम्मानित किया गया। समारोह का मंच संचालन महेंद्र मेहरा ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल मनोज यादव ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं। इन्हीं में से आगे चलकर राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी और सेना के अधिकारी बनेंगे। शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है। इसलिए समाज के संपन्न वर्ग को आगे आकर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना चाहिए और अपनी नेक कमाई का कुछ हिस्सा विद्यार्थियों की शिक्षा व प्रोत्साहन पर खर्च करना चाहिए।
इससे समाज और राष्ट्र की प्रगति को गति मिलेगी। सरपंच प्रतिनिधि बेदू राता ने कहा कि कर्नल मनोज यादव ने सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन राशि देकर उनका हौसला बढ़ाया है। वहीं बिरेंद्र राव ने कहा कि कर्नल मनोज यादव का इसी मिट्टी में जन्म लेना और अपने गांव के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करना गांव के प्रति उनके प्रेम को दर्शाता है।
इस मौके पर छाजूराम बोहरा, रामकिशन थानेदार, लाल सिंह, ज्ञानी राम सोनी, बिरेंद्र जागेदार,थानेदार अभय सिंह, मुकेश शर्मा, पवन पीएनबी, विक्रम पंच सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी देखें – डीएपी खाद के लिए उमड़ी भारी भीड़, सुबह 3 बजे से लाइनों में लगे अन्नदाता

