October 1, 2026

Pehowa News: धान पर 700 रुपये बोनस दे सरकार, 3100 में हो खरीद, पिहोवा कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजे दीपेंद्र हुड्डा

0
Pehowa News: धान पर 700 रुपये बोनस दे सरकार, 3100 में हो खरीद, पिहोवा कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजे दीपेंद्र हुड्डा

धान पर 700 रुपये बोनस दे सरकार, 3100 में हो खरीद

Pehowa News: (अभिषेक पूर्णिमा) कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा और इस्माईलाबाद ब्लॉक में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलनों में पहुंचे रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार और भारतीय चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में जनभावना को दरकिनार कर ‘जुगाड़ और साज़िश’ के जरिए सरकार बनाई गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता और किसानों से किए गए बड़े-बड़े वादों से अब भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह पीछे हट चुकी है।

‘3100 रुपये का भाव दूर, एमएसपी पर भी लग रहा कट’

किसानों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीन सीजन पहले प्रदेश के किसानों से पीआर (PR) धान का भाव 3,100 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था। लेकिन सच्चाई यह है कि आज तक 3,100 रुपये की एमएसपी घोषित ही नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में घोषित 2,400 रुपये की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर भी 200 से 400 रुपये का कट लगाकर किसानों का धान कच्ची पर्चियों पर खरीदा जा रहा है। हुड्डा ने कुरुक्षेत्र में किसानों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए मांग की कि अगर सरकार एमएसपी नहीं बढ़ा सकती, तो हुड्डा सरकार की तर्ज पर 700 रुपये प्रति क्विंटल बोनस घोषित कर 3,100 रुपये के भाव पर धान की खरीद सुनिश्चित करे।

‘चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध, मुख्य चुनाव आयुक्त दें इस्तीफा’

चुनावी नतीजों पर सवाल खड़े करते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में लोकतंत्र का गला घोंटा गया है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वोटिंग के दिन रात 12 बजे तक जहां 61 प्रतिशत मतदान दिखाया गया था, वहीं मतगणना के दिन यह आंकड़ा बढ़कर 68 प्रतिशत कैसे पहुंच गया? हुड्डा ने दावा किया कि 90 में से 75 विधानसभा क्षेत्रों में पोस्टल बैलेट में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत हुई थी, जो जनता के असली जनादेश को दर्शाती है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की और हरियाणा में निष्पक्ष तरीके से दोबारा विधानसभा चुनाव कराने का आह्वान किया।

‘राष्ट्रमंडल खेल गुजरात नहीं, खेलों की नर्सरी हरियाणा में हों’

अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में हरियाणवी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि एशियन गेम्स में देश की झोली में आए कुल गोल्ड मेडल में सबसे बड़ा योगदान हरियाणा के बेटियों और बेटों का है। इससे साबित होता है कि खेल के मैदान में देश का नाम रोशन करने में हरियाणा आज भी नंबर एक है। हुड्डा ने केंद्र सरकार से मांग दोहराई कि आने वाले राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) की मेजबानी गुजरात को देने के बजाय खेलों की नर्सरी कहे जाने वाले हरियाणा को सौंपी जानी चाहिए।

सम्मेलन के दौरान स्थानीय विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक रामकरण काला, विधायक मंदीप चट्ठा, पूर्व जिलाध्यक्ष मेवा सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें–  कुरुक्षेत्र में बंदी सिखों की रिहाई की मांग तेज, बंदी सिखों की रिहाई को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed