Chandigarh News: गणपति विसर्जन के बाद डीजे डांस पर मारपीट, जान बचाने के लिए भागता रहा पीड़ित
गणपति विसर्जन के बाद डीजे डांस पर मारपीट, जान बचाने के लिए भागता रहा पीड़ित
Chandigarh News: चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित अटॉवा (Attawa Sector 42 Fight Video) गांव में गणपति विसर्जन का धार्मिक उल्लास उस वक्त अचानक चीख-पुकार और दहशत में बदल गया, जब डीजे पर डांस करने के दौरान महज पैर लगने जैसी छोटी सी बात पर कुछ मनचलों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने एक अकेले युवक पर लात-घूंसों की बरसात कर दी।
इस पूरी दुस्साहसिक वारदात का 2 मिनट 24 सेकेंड का एक खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित युवक दीपक की शिकायत पर थाना-36 पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
विसर्जन के बाद लौटकर कर रहे थे डांस, तभी भड़का विवाद
पीड़ित दीपक ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उनके मोहल्ले में भगवान श्री गणेश की मूर्ति स्थापित की गई थी। शुक्रवार को मोहल्ले के सभी लोग एक साथ एकत्रित होकर हर्षोल्लास के साथ विसर्जन के लिए गए थे। विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद सभी लोग वापस अटॉवा लौटे, जहां खुशियां मनाने के लिए डीजे लगाया गया था।
तमाम लोग गानों की धुन पर थिरक रहे थे कि तभी अचानक डांस करते समय किसी अन्य युवक का पैर दीपक को लग गया। दीपक ने जब इस पर आपत्ति जताई तो आरोपी उलझ पड़े। देखते ही देखते मौके पर तनाव बढ़ गया और हमलावर युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर दीपक को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
जमीन पर गिराकर बरसाए लात-घूंसे, बचाने दौड़ीं महिलाएं
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर किस तरह बेखौफ होकर एक युवक को चारों तरफ से घेर लेते हैं। पीड़ित अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश करता है, लेकिन आरोपी उसे घसीटकर दोबारा दबोच लेते हैं और जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटते हैं।
हंगामा होते देख आसपास मौजूद कुछ महिलाओं ने हिम्मत दिखाई और युवक को बचाने के लिए हमलावरों के आगे आ गईं। वीडियो में महिलाओं की चीखने-चिलाने और बीच-बचाव करने की आवाजें भी साफ सुनाई दे रही हैं। (Ganpati Visarjan Brawl Chandigarh) हालांकि, भीड़ में मौजूद दबंगों ने किसी की एक न सुनी और काफी देर तक उपद्रव मचाते रहे। वीडियो में एक पुलिसकर्मी हाथ में डंडा लेकर हुड़दंगियों को खदेड़ता हुआ भी नजर आ रहा है, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो चुके थे।
पुलिस का दावा: जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आ गई है। थाना 36 के प्रभारी इंस्पेक्टर चिरंजी लाल ने बताया कि पीड़ित दीपक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने कहा कि घटना के वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे आरोपियों के चेहरों की पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि कानून हाथ में लेने वाले सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
