Chandigarh road accident: शहर में एक नाबालिग की स्कोडा कार की टक्कर से बाइक टैक्सी राइडर की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा वीरवार सुबह सेक्टर-20/30 के गोलचक्कर पर हुआ। टक्कर के समय कार 17 वर्षीय छात्र चला रहा था, जो एक एडवोकेट का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने छात्र को पकड़कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया, लेकिन बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया। मृतक की पहचान गुरमिंदर सिंह के रूप में हुई है। वह सुबह बाइक टैक्सी पर सेक्टर-45 बुड़ैल से महिला पूजा को लेकर सेक्टर-19 जा रहा था। दोनों अभी सेक्टर-20/30 के गोलचक्कर पर पहुंचे ही थे कि स्कोडा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गुरमिंदर और पीछे बैठी पूजा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जीएमसीएच-32 में गुरमिंदर को मृत घोषित किया, पूजा PGI रेफर
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच-32) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गुरमिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पूजा की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। महिला का फिलहाल पीजीआई में इलाज चल रहा है। हादसे में बाइक टैक्सी राइडर की मौत की खबर से उसके परिवार में मातम छा गया।
परिवार का इकलौता बेटा था गुरमिंदर, पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया
गुरमिंदर सिंह मूल रूप से बिलासपुर का रहने वाला था। वह पंचकूला में किराए के मकान में रहता था और बाइक टैक्सी चलाकर परिवार का गुजारा करता था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुरमिंदर अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। रोजाना बाइक टैक्सी चलाकर वह घर का खर्च उठाता था। हादसे ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया है। अब पत्नी और बच्चों के सामने भविष्य को लेकर बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है।
सेक्टर-19 थाना पुलिस ने हादसे के संबंध में स्कोडा कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, कार 17 वर्षीय छात्र चला रहा था, जो 12वीं कक्षा में पढ़ता है और एक एडवोकेट का बेटा है। पुलिस ने उसे पकड़ने के बाद कानूनी कार्रवाई की और बाद में जमानत पर छोड़ दिया। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Click Here👉 चंडीगढ़ की खबरें पढ़नें के लिए लिंक पर क्लिक करें


