CM Bhagwant Mann Lok Milni : सीएम मान बोले-विरोधी पार्टियां आई तो बंद हो जाएगी मुफ्त बिजली और कल्याणकारी योजनाएं
CM Bhagwant Mann Lok Milni : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अजनाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सैंसरा में आयोजित विशाल ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक राजनीतिक दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेताया कि अगर गलती से भी विरोधी पार्टियां सत्ता में लौटती हैं, तो वे आम जनता को मिल रही सुविधाओं पर कैंची चला देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दल आते ही मुफ्त बिजली, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और एक हजार रुपए की मासिक सम्मान राशि जैसी कल्याणकारी योजनाओं को तुरंत बंद कर देंगे। उनके मुताबिक, विपक्षी ताकतों का मकसद हमेशा से आम लोगों की भलाई के बजाय निजी और पारिवारिक हितों को साधना रहा है।
सरकारी संस्थाओं को तबाह करने की साजिश
जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम मान ने आरोप लगाया कि विरोधी दल सत्ता में आते ही मोहल्ला क्लीनिकों और सरकारी स्कूलों को कमजोर कर देंगे, ताकि निजी स्कूलों और अस्पतालों को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा पंजाब के हिस्से का पानी हरियाणा और राजस्थान को सौंपने की साजिश रच रही है।
इसके साथ ही, चंडीगढ़ और पंजाब यूनिवर्सिटी पर भी पंजाब के अधिकारों को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अकाली दल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जो पार्टी कभी रैलियों में भीड़ जुटाती थी, आज उसकी हालत यह है कि उसे अपनी सभाओं में दिहाड़ी मजदूरों को लाना पड़ रहा है और इस बार के चुनाव में उनका खाता तक नहीं खुलेगा।
पानी के मुद्दों पर पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार
किशाऊ प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र और पड़ोसी राज्यों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गत 15 सितंबर को छह राज्यों के बीच किशाऊ प्रोजेक्ट को लेकर समझौते हुए, लेकिन पंजाब को उन चर्चाओं और बैठकों से पूरी तरह बाहर रखा गया। जब-जब इस क्षेत्र के पानी और प्राकृतिक संसाधनों की बात आती है, तब-तब पंजाब के साथ बेगानों जैसा बर्ताव किया जाता है।
उन्होंने दो टूक कहा कि पंजाब के हक और हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार हर मंच पर मजबूती से अपना पक्ष रखेगी। किसानों ने देश का पेट भरा है और जवानों ने सरहदों की रक्षा की है, इसलिए पंजाब के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विकास कार्यों और चुनावी वादों का हिसाब
अपनी सरकार के चार साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जनहित में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों के बिजली बिल शून्य हो चुके हैं, जिससे आम परिवारों को बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा गोइंदवाल साहिब में निजी थर्मल पावर प्लांट को खरीदकर सरकार ने ऐतिहासिक मिसाल पेश की है।
सिंचाई के मोर्चे पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, तब महज 22 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग होता था, जिसे अब बढ़ाकर 88 प्रतिशत कर दिया गया है। पूरे पंजाब में करीब 14,000 किलोमीटर लंबी पानी की पाइपलाइनें बिछाई गई हैं, जो पारदर्शी और ईमानदार राजनीति की मिसाल है।
Faridkot animal fair 2026 : फरीदकोट में तीन दिवसीय पशु और किसान मेले का शानदार आगाज
