CM Bhagwant Mann ने Yudh Nasheyan Virudh अभियान की समीक्षा कर दिए निर्देश

CM Bhagwant Mann ने Yudh Nasheyan Virudh अभियान की समीक्षा कर दिए निर्देश
CM Bhagwant Mann | Yudh Nasheyan Virudh : पंजाब से नशों के मुकम्मल सफाए को लेकर राज्य सरकार ने अपनी रणनीति को और अधिक आक्रामक कर दिया है। CM Bhagwant Mann ने मंगलवार को एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए साफ शब्दों में कहा कि ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान अब अपने अंतिम और निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में राज्यभर के डीसी, एसएसपी और पुलिस कमिश्नर शामिल हुए, जहां जमीनी हालात और अब तक की कार्रवाई का पूरा लेखा-जोखा टटोला गया।
जन आंदोलन का रूप ले चुकी है यह जंग
CM Bhagwant Mann ने स्पष्ट किया कि नशों के खिलाफ छिड़ी यह लड़ाई अब केवल थानों या सरकारी फाइलों तक सीमित नहीं रही है, बल्कि यह एक व्यापक जन आंदोलन बन चुकी है। इसका सबसे बड़ा प्रमाण विलेज डिफेंस कमेटियों (वीडीसी) के माध्यम से मिल रहा है।
राज्य में इस समय 14,846 से अधिक वीजीडीसी सक्रिय रूप से काम कर रही हैं, जिनके सदस्यों की संख्या 74 हजार के पार पहुंच चुकी है। खास तौर पर सीमावर्ती इलाकों में इन कमेटियों की भूमिका बेहद अहम साबित हो रही है, जहां स्थानीय लोगों के सहयोग से तस्करों के नेटवर्क की पहचान की जा रही है।
कड़े आंकड़ों के साथ पुलिस एक्शन
आंकड़े बताते हैं कि जनता की बढ़ती भागीदारी ने प्रशासन के खुफिया तंत्र को कितना मजबूत किया है। इस साल जनवरी से लेकर अब तक वीडीसी से प्राप्त शिकायतों के आधार पर 4,129 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और करीब 5,589 तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।
इसके अलावा ‘सेफ पंजाब ऐप’ भी आम जनता के लिए एक बड़ा हथियार साबित हुई है, जिसके जरिए मिली सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अब तक 25,000 से ज्यादा सौदागरों को धर दबोचने में कामयाब रही है।
एसएचओ स्तर पर तय होगी जवाबदेही
CM Bhagwant Mann ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हॉटस्पॉट इलाकों की पहचान कर वहां सबसे कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे जल्द ही थाना प्रभारियों (एसएचओ) के साथ व्यक्तिगत रूप से बैठकें करेंगे ताकि जमीनी स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के अंत में सीएम मान ने दो टूक कहा कि जब तक पंजाब की हर गली और हर गांव से इस कोढ़ का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता, तब तक सरकार और प्रशासन चैन से नहीं बैठेंगे। इस अहम बैठक में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, डीजीपी गौरव यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
