Gurugram News: अगर आप भी गुरुग्राम के चमचमाते मॉल और महंगे रेस्टोरेंट में बैठकर लजीज व्यंजनों का स्वाद लेने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी झटके से कम नहीं है। गोल्फ कोर्स रोड स्थित वन होराइजन सेंटर (OHC) के मशहूर ‘पॉल’ (Paul) रेस्टोरेंट की रसोई की एक घिनौनी तस्वीर सामने आई है। यहां खाना खाने पहुंचे एक परिवार को परोसे गए सैंडविच के अंदर जिंदा कीड़ा रेंगता हुआ पाया गया। प्लेट में रेंगते कीड़े को देख महिला ग्राहक को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
आधा सैंडविच खाने के बाद चला पता, बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, सुलभ नाम के युवक अपनी महिला मित्र के साथ पॉल रेस्टोरेंट में सैंडविच ऑर्डर करके खा रहे थे। लगभग आधा सैंडविच खत्म करने के बाद जैसे ही महिला की नजर ब्रेड के अंदर गई, वहां एक बड़ा सफेद कीड़ा रेंग रहा था। यह नजारा देखते ही महिला की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पीड़ित युवक ने तुरंत इस पूरी लापरवाही का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में साफ तौर पर सैंडविच के बीच कीड़ा हिलता-डुलता दिखाई दे रहा है।
माफी मांगकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश
घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैलने के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए। पीड़ित युवक ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में खुलासा किया कि रेस्टोरेंट की तरफ से बाद में उन्हें फोन करके सिर्फ माफी मांग ली गई और पूरे मामले को यहीं दबाने की कोशिश की गई। ग्राहकों का कहना है कि महंगे दामों पर खाना परोसने वाले इस तरह के नामी रेस्टोरेंट किस कदर स्वच्छता के मानकों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, यह इस घटना से साफ जाहिर होता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग पर उठे सवाल, पहले भी आ चुके हैं मामले
गुरुग्राम के प्रीमियम रेस्टोरेंट में खाने के अंदर कीड़ा या गंदगी निकलने की यह कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी सेक्टर-15 स्थित एक नामी होटल में सलाद के अंदर हरा कैटरपिलर (Caterpillar) मिलने का वीडियो वायरल हो चुका है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जब भी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो जिला खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) महज खानापूर्ति और औपचारिकता निभाकर शांत बैठ जाता है। ठोस सैंपलिंग और सख्त चालान न होने के कारण रेस्टोरेंट संचालकों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता की सेहत के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें– Fatehabad Strike Update: 17 दिन से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर एक्शन, 50 से अधिक हिरासत में

