Karnal Aman Murder Case: मुनीश मुंडे, करनाल। हरियाणा के करनाल शहर में अमन नाम के युवक की चाकू मारकर की गई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। जिले में आपराधिक वारदातों पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक करन गोयल के निर्देशों पर कार्रवाई कर रही सीआईए-3 की टीम ने इस हत्याकांड में शामिल तीसरे मुख्य आरोपी कृष को धर दबोचा है। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को भैनी खुर्द गांव के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायाधीश ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी कर दिए।
दोस्त के साथ घर से निकला था अमन, फिर मिली हत्या की खबर
इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश 24 अक्टूबर को हुआ था, जब मृतक अमन के पिता राजकुमार ने थाना शहर करनाल में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। राजकुमार के मुताबिक, 23 अक्टूबर की शाम को उनका बेटा अमन अपने एक दोस्त के साथ घर से करनाल शहर आया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की गई और बाद में उसकी चाकू घोंपकर हत्या किए जाने की सूचना मिली। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मर्डर केस दर्ज कर जांच की कमान सीआईए विंग को सौंपी थी।
जतिन की कड़ाई से पूछताछ में हुआ था तीसरे आरोपी का खुलासा
मामले की तफ्तीश में जुटी सीआईए-3 करनाल और सदर बाजार पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर को ही मुख्य आरोपी जतिन को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके एक नाबालिग साथी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया था। आरोपी जतिन को कोर्ट में पेश कर 6 दिन के रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान कड़ाई से की गई पूछताछ में जतिन ने पूरे घटनाक्रम की परतें उघेड़ीं और इस खूनी वारदात में न्यू बहादुरचंद कॉलोनी निवासी कृष (पुत्र जय भगवान) की सीधी संलिप्तता का खुलासा किया।
रिमांड के दौरान बरामद होंगे वारदात के साक्ष्य
तीसरे आरोपी की भूमिका स्पष्ट होते ही सीआईए-3 के इंचार्ज निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक (ASI) कुलदीप सिंह की टीम ने जाल बिछाकर कृष को भैनी खुर्द से काबू कर लिया। सीआईए पुलिस का कहना है कि तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी कृष से हत्या की असल वजह, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और अन्य साक्ष्यों के संबंध में बारीकी से पूछताछ की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले में शामिल सभी कड़ियों को जोड़कर अदालत में मजबूत चालान पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें– करनाल के गांव में घोड़ी चराने गए युवक पर लोहे की रॉड से हमला, तोड़े दोनों हाथ-पैर

