Hisar Accident: करवा चौथ के पावन पर्व पर हिसार में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तड़के ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे एक दंपती की बाइक को पुलिसकर्मी की कार ने टक्कर मार दी। हादसा डाबड़ा चौक फ्लाईओवर पर उस वक्त हुआ, जब पुलिसकर्मी अपनी निजी कार से ड्यूटी पर जा रहा था। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है।
मूल रूप से गांव फरीदपुर के रहने वाले 28 वर्षीय रविंद्र नहर विभाग में सुरक्षाकर्मी के तौर पर तैनात हैं, जबकि उनकी 21 वर्षीया पत्नी प्रीति हिसार के ही एक निजी अस्पताल के आईसीयू में नर्स हैं। दोनों हिसार के फव्वारा चौक के पास किराए का मकान लेकर रहते हैं। गुरुवार सुबह प्रीति अस्पताल से अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही थीं और रविंद्र उन्हें बाइक पर लेने पहुंचे थे। जैसे ही दोनों डाबड़ा चौक पुल पर चढ़े, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
करवा चौथ का व्रत रखने जा रही थी पत्नी
अस्पताल में उपचाराधीन प्रीति ने आपबीती बताते हुए कहा कि आज करवा चौथ का दिन था और वह सुबह नाइट शिफ्ट खत्म करके पति के साथ घर जा रही थीं। उन्हें घर पहुंचकर व्रत की तैयारियां करनी थीं, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया। वहीं, रविंद्र ने बताया कि वह अपनी बाइक को पुल के बिल्कुल किनारे-किनारे चला रहे थे, तभी पीछे से आई गाड़ी ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर काफी दूर जा गिरे और उन्हें शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद डायल 112 को भी सूचना दी गई।
पुलिसकर्मी ने दिखाई इंसानियत, खुद कराया भर्ती
हादसे को अंजाम देने वाली कार एचटीएम (हांडी खेड़ा) थाने में कार्यरत स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) सुरेंद्र सिंह की थी। हादसे के तुरंत बाद सुरेंद्र सिंह ने मौके पर सूझबूझ और इंसानियत दिखाई। वह गाड़ी से उतरे और लहूलुहान पड़े रविंद्र और प्रीति को अपनी ही कार में बैठाकर तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले गए।
एसपीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी कार से ड्यूटी के लिए निकले थे और डाबड़ा चौक पुल पर चढ़ते समय अचानक बाइक से संतुलन बिगड़ने के कारण टक्कर हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के बाद उन्होंने भागने की बजाय घायलों को अस्पताल पहुंचाया और अब वह खुद दोनों के इलाज का पूरा खर्च उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें– Gurugram Accident: गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बालाजी से लौट रहे परिवार की कार बस से टकराई, 3 की मौत

