Karnal Crime News: करनाल में नाबालिग से हैवानियत, शिकायत करने पहुंची मां को मिली धमकी
करनाल में नाबालिग से हैवानियत, शिकायत करने पहुंची मां को मिली धमकी
Karnal Crime News: सीएम सिटी करनाल के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक झुग्गी बस्ती में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार को झुग्गी के बाहर अकेली बर्तन धो रही एक नाबालिग लड़की को दो दबंग युवक जबरन उठाकर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। वारदात के समय बच्ची की मां मजदूरी पर गई हुई थी। हैवानियत के बाद बदहवास हालत में घर पहुंची बच्ची ने अपनी मां को आपबीती बताई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
काम से लौटी मां को बताई आपबीती
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को बच्ची घर पर अकेली थी और बाहर बर्तन साफ कर रही थी। इसी का फायदा उठाकर पड़ोस के ही दो युवक उसके करीब पहुंचे और उसका मुंह दबाकर जबरन अपने साथ ले गए। मां जब काम खत्म करके वापस लौटी, तो बच्ची ने रो-रोकर अपने साथ हुई दरिंदगी की दास्तान सुनाई।
‘जो करना है कर लो’—आरोपियों के परिवार ने दी धमकी
बच्ची की बात सुनकर आहत मां जब इंसाफ की उम्मीद में आरोपियों के घर पहुंची, तो वहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़िता की मां का गंभीर आरोप है कि आरोपियों के परिजनों ने अपने बच्चों को डांटने या समझाने के बजाय उल्टा उसे ही जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकियां दीं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा—”तुमसे जो बनता है, कर लो।”
अस्पताल पहुंची डायल-112, पुलिस जांच शुरू
आरोपियों के रुख से सहमी मां ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। कुरुक्षेत्र और करनाल पुलिस की मुस्तैदी के तहत डायल-112 के इंचार्ज भूपेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता को करनाल के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
डायल-112 इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची को अस्पताल लाया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाएगी।
यह भी पढ़ें– कैथल में सड़क हादसे में 15 साल के स्कूली छात्र की मौत, सुबह की सैर पर निकले मासूम को बाइक ने मारी टक्कर
