Kurukshetra News: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को दहला देने वाले सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है। पिहोवा रोड स्थित किराए के मकान में अपने ही पति की निर्मम हत्या कर उसके शरीर के अंग निकालने वाली आरोपी बिमला देवी की कस्टडी पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शराब की लत और मारपीट बनी हत्या की वजह
केयूके (KUK) थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंधु ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की पहचान राजेश निवासी धासपुर (जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी बिमला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का बेहद आदी था और आए दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। बिमला उसके इस व्यवहार और शराब छुड़वाने के लिए तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक करने वालों के चक्कर काटती रही, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। पति की रोज-रोज की प्रताड़ना और “तुझे छोड़कर दूसरी शादी कर लूंगा” जैसी धमकियों से तंग आकर उसने राजेश को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
सो रहे पति पर 3 चाकुओं से किए ताबड़तोड़ वार
वारदात वाले दिन जब राजेश काम से लौटकर थक-हारकर सो रहा था, तभी बिमला ने रसोई में रखे तीन अलग-अलग चाकुओं से उस पर हमला बोल दिया। उसने सो रहे पति का पेट चीरकर उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला खून से लथपथ चाकुओं को मौके पर ही छोड़कर करीब तीन से चार घंटे तक शव के पास ही बैठी रही।
मकान मालिक ने देखा भयावह दृश्य, छत से कूदी महिला
जांच में सामने आया कि मृतक राजेश कुरुक्षेत्र के एक आरओ प्लांट में नौकरी करता था। पहली दो पत्नियों से तलाक के बाद उसने बिमला से प्रेम विवाह किया था। 21 अगस्त की शाम करीब 4 से 5 बजे जब मकान मालिक रिंकू किसी काम से कमरे पर पहुंचा, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। बिमला शव के पेट से आंतें बाहर निकाल रही थी। मकान मालिक को देखते ही पकड़े जाने के डर से उसने तुरंत छत से छलांग लगा दी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर लौटेगा मानसून, आज यलो अलर्ट जारी, जानें आपके जिले में कब होगी बारिश

