Kurukshetra Snatching News: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के बाबैन थाना क्षेत्र में बीते दिनों बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर सोने के जेवर छीनने वाले शातिर झपटमार को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। सीआईए-1 (CIA-1) की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गांव छपरा निवासी आरोपी अंकित उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और पीड़िता से छीनी गई सोने की बालियां बरामद कर ली हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने न केवल बाबैन की वारदात को स्वीकार किया, बल्कि जिले में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने की दो अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश किया है।
घर छोड़ने के बहाने बैठाया बाइक पर, गन्ने के खेतों में ले जाकर दी जान से मारने की धमकी
मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित बुजुर्ग महिला महिंद्रो देवी (निवासी भगवानपुर) ने बताया कि 24 अक्टूबर को वह घरेलू सामान खरीदने बाबैन बाजार आई हुई थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वह खरीदारी के बाद वापस अपने गांव जाने के लिए बाबैन बस स्टैंड के पास खड़ी थीं, तभी आरोपी बाइक लेकर आया और उसने बड़े प्यार से उन्हें भगवानपुर गांव छोड़ने का झांसा दिया। महिला उसकी बातों पर भरोसा करके बाइक पर पीछे बैठ गईं।
लेकिन आरोपी उन्हें सीधे रास्ते ले जाने के बजाय बाबैन से बिल्ट गांव होते हुए हमीदपुर की ओर जाने वाली सुनसान सड़क पर ले जाने लगा। जब महिला ने रास्ते को लेकर टोका, तो आरोपी ने सुनसान जगह पर गन्ने के खेतों के पास बाइक रोक दी। वहां उसने महिला को जान से मारने की धमकी देकर कानों की बालियां उतारने को कहा और विरोध करने पर जबरन बालियां खींच लीं, जिससे महिला नीचे गिरकर चोटिल हो गईं।
पहले भी बुजुर्ग महिलाओं को बना चुका है शिकार, शाहाबाद थाने में दर्ज हैं मामले
सीआईए-1 प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर बाबैन थाने में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी अंकित उर्फ बिल्ला को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अकेले सफर करने वाली बुजुर्ग महिलाओं को आसानी से निशाना बनाता था।
इससे पहले 20 अक्टूबर को आरोपी ने 80 वर्षीय नानकी देवी को लिफ्ट देने के बहाने खेतों में ले जाकर उनकी बालियां छीनी थीं। वहीं 6 अक्टूबर को मद्दीपुर गांव में एक सुनार की दुकान किराए पर लेने का नाटक कर महिंद्रो देवी नाम की एक अन्य महिला से डिजाइन देखने के नाम पर बालियां उतरवा ली थीं। आरोपी के खिलाफ शाहाबाद थाने में भी छीना-झपटी के मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में फर्जी जॉब रैकेट का पर्दाफाश, एक ही बैंक खाते में पहुंच रही थी ठगी की रकम

