Gurugram Police Action: गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने गई नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला करने वाले उपद्रवियों पर कानून का शिकंजा कस गया है। 3 सितंबर को हुई इस हिंसक वारदात के मामले में आईएमटी थाना सेक्टर-7 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के मूल निवासी हैं, जो हाल में मानेसर और आसपास के गांवों में रह रहे थे।
यूपी के रहने वाले हैं चारों आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान यूपी के गाजीपुर निवासी राधेश्याम (हाल निवासी शंकर की ढाणी, मानेसर), बरेली निवासी प्रकाश (हाल निवासी भांगरोला), अलीगढ़ निवासी सूरजपाल (हाल निवासी कांकरौला) और बलिया निवासी विवेक (हाल निवासी शंकर की ढाणी, मानेसर) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी स्थानीय स्तर पर अवैध रेहड़ी-पटरी और मार्केट गतिविधियों से जुड़े थे और कार्रवाई का विरोध कर रहे थे।
3 सितंबर को बांस कुशला में हुआ था पथराव, अस्पताल में भर्ती कराने पड़े थे कर्मचारी
उल्लेखनीय है कि बीते 3 सितंबर को मानेसर नगर निगम की टीम आईएमटी थाना सेक्टर-7 पुलिस बल के साथ बांस कुशला और कांकरौला क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही कपड़ों, सब्जी और मीट की दुकानों को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान अचानक कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ को उकसाकर निगम टीम और पुलिस वाहनों पर पत्थरों से हमला बोल दिया था। इस अचानक हुए पथराव में नगर निगम के कई कर्मचारी गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
कर्मचारियों की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद पीड़ित निगम कर्मचारियों की शिकायत पर आईएमटी सेक्टर-7 थाने में सरकारी काम में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और उपद्रव मचाने की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य हुड़दंगियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: फरीदाबाद में अलसुबह पुलिस एनकाउंटर, मवई नहर पर ताबड़तोड़ फायरिंग में दिल्ली के 2 बदमाश घायल

