Nangal Chaudhary News: (विजय यादव) नांगल चौधरी उपमंडल में पुलिस प्रशासन को नई जिम्मेदारी मिली है। गौरव शर्मा ने बुधवार को उपमंडल कार्यालय में बतौर डीएसपी कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्र के लोगों को पुलिस व्यवस्था में सुधार, शिकायतों के त्वरित निपटारे और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जगी है। अब क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
आपको बता दें कि नांगल चौधरी के तीन तरफ राजस्थान की सीमा अटेच हैं, साथ ही क्रशर जोन होने से अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। ऐसे में डीएसपी गौरव शर्मा के सामने नांगल चौधरी क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाने जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी।
क्षेत्र में चोरी, ठगी, मारपीट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करना और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना भी पुलिस प्रशासन के लिए अहम रहेगा। डीएसपी की नियुक्ति पर एडवोकेट एसोसिएशन ने सरकार का आभार जताया है।
एडवोकेट धर्मेश जोशी, बिहारीलाल, एडवोकेट शीशराम ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं और शिकायतें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। शिकायतों की सुनवाई और संबंधित मामलों में उचित कार्रवाई की निगरानी से लोगों को राहत मिलेगी। यदि किसी मामले में स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होती है, तो नियमानुसार वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष शिकायत रखी जा सकती है।
आमजन में पुलिस की छवि को सुधारना रहेगी प्राथमिकता
नवनियुक्त डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, साइबर ठगी के प्रति जागरूकता, यातायात व्यवस्था में सुधार और युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। गांवों में पुलिस-जन संवाद बढ़ने से लोगों और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने में मदद मिलेगी।
यह भी देखें – महेंद्रगढ़ जिले में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का दूसरा दिन, 52 विद्यालयों में लगे जागरूकता शिविर

