Narnaul: सीजेएम ने सेफ हाउस, नागरिक अस्पताल व माधव नशा मुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण

Narnaul: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की चेयरपर्सन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. रितु वाई.के. बहल के दिशा-निर्देशानुसार आज प्राधिकरण की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सचिव नीलम कुमारी ने पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस, नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र और सिंघाना रोड स्थित माधव नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम नीलम कुमारी ने पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस में रह रहे युगलों की सुरक्षा का बारीकी से आकलन किया और तैनात सुरक्षाकर्मियों व अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ-साथ उनकी मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए। वहीं नागरिक अस्पताल और माधव नशा मुक्ति केंद्र में उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सीय सुविधाओं, काउंसिलिंग और भोजन की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र संचालकों एवं डॉक्टरों को मरीजों के साथ पूर्णतः मानवीय व्यवहार करने और उन्हें नशे से मुक्त कराने के लिए अच्छी काउंसिलिंग देने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के जरूरतमंद और पीड़ित वर्गों को त्वरित न्याय व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
