Narnaul: मामराज कॉलोनी में गद्दे के गोदाम में लगी, अखिल भारतीय व्यापार सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण
Narnaul: नारनौल में गोपाल गौशाला के पास स्थित मामराज कॉलोनी में सोमवार एक गद्दे के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही देर में गोदाम में रखे गद्दे, गद्दों का सामान, कपड़ा, मशीनें व अन्य सभी सामान अग्नि की भेंट चढ़ गएं। आग इतनी जबरदस्त थी की गोदाम की टीन शेड भी इसकी लपेट में आ गई तथा दीवारों में भी दरारें आ गई। इस हादसे में लाखों रुपए का व्यापारी को नुकसान हुआ है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के जिला वरिष्ठ प्रधान बिशन सैनी व नारनौल सिटी के प्रधान अमित गोयल (सीताराम), कैलाश चंद सैनी जिला उपाध्यक्ष, सोमदेव शर्मा जिला मीडिया प्रभारी अन्य व्यापारी नेताओं के साथ मंगलवार को सुबह 10:30 बजे, जिस गोदाम में आग लगी थी, उसका निरीक्षण करने पहुंचे।
गोदाम मालिक सुशील सैनी ने बताया कि वह गद्दे बनाने का काम कई सालों से करता है। सोमवार दोपहर बाद करीब 4:00 बजे अचानक उसके गोदाम में आग लग गई। आग कैसे लगी इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड व पुलिस को इसकी तुरंत सूचना दी। सुशील सैनी ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 2 घंटे के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। मौके पर 112 की पुलिस टीम भी पहुंची। उन्होंने बताया कि आग से गोदाम में गद्दे बनाने के लिए रखा कपड़ा और अन्य सामान जल गया। इसके अलावा मशीन और ब्लोअर भी आग की भेंट चढ़ गए। आग की तपत से दीवारों में दरारें आ गई और टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में उसका लाखों रुपए का नुकसान हो गया।
अखिल भारतीय व्यापार सुरक्षा मंच ने व्यापारी सुशील सैनी की हिम्मत बंधाते हुए कहा कि वे इस मामले को जिला उपायुक्त के समक्ष रखेंगे तथा हरियाणा सरकार से भी मदद की गुहार लगाई जाएगी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग के नेतृत्व में सरकार व प्रशासन के समक्ष इस मामले को गंभीरता से रखा जाएगा।
