Narnaul: भारत विकास परिषद, शाखा नारनौल द्वारा आयोजित ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के अंतर्गत वरिष्ठ वर्ग की प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को नांगल चौधरी रोड स्थित हरियाणा पब्लिक स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत परिषद के शाखा अध्यक्ष मुकेश जैन ने सभी अतिथियों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय प्रबंधन का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया और विभिन्न विद्यालयों से पधारे सभी शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफल हो सका।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हरियाणा पब्लिक स्कूल के एमडी डॉ. हितेश वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा इस प्रकार के आयोजन करना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ‘भारत को जानो’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें अपने देश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और वैज्ञानिक विरासत से जोड़ती हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में राष्ट्र प्रेम और आत्म-गौरव की भावना को जागृत करती हैं। आज आयोजित वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की कुल 26 टीमों ने भाग लिया। परिषद के क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव महेंद्र शर्मा द्वारा प्रतियोगिता का कुशल संचालन किया गया। उन्होंने अलग-अलग चरणों में भारत के इतिहास, भूगोल, साहित्य, संस्कृति, धर्म और विज्ञान आदि विषयों से संबंधित रोचक प्रश्न पूछे। प्रतियोगिता के शुरुआती 4 चरणों के बाद कड़े मुकाबले में 8 टीमों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया।
फाइनल मुकाबले में आरपीएस स्कूल, बीपीएस स्कूल, न्यू इंडियन पब्लिक स्कूल, यदुवंशी स्कूल, सीएल पब्लिक स्कूल, सूरज स्कूल, एमएलएस डीएवी स्कूल और डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने मुकाबले को और भी अधिक रोमांचक बना दिया। अंतिम परिणाम में न्यू इंडियन पब्लिक स्कूल, गोद ने प्रथम स्थान, यदुवंशी शिक्षा निकेतन, नारनौल ने द्वितीय तथा एम.एल.एस. डी.ए.वी. स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में परिषद की ओर से मुख्य अतिथि विद्यालय एमडी डॉ. हितेश वर्मा, निधि वर्मा, पवन यादव एवं मुकेश देवी, महेंद्र शर्मा व विद्यालय प्रबंधन को उनके विशेष सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अब प्रश्न मंच की प्रथम विजेता टीम आगामी प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में नारनौल शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर मुकेश जैन, संदीप शुक्ला, महेंद्र शर्मा, अश्वनी कटारिया, नरेश गोगिया, कविंद्र सचदेवा, सुनील चुघ, पवन यादव, डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज, अशोक कुमार, भीमसेन शर्मा, सुभाष कश्यप, डॉ. शिवकुमार यादव, वैद्य वीडी वशिष्ठ, मीतू जैन, सुचेता गोगिया, सोनू भारद्वाज, मुकेश देवी, सरोज कश्यप, सोनू भारद्वाज सहित परिषद के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

