Narnaul News: जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करवाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में अक्टूबर 2026 के दौरान जिला पुलिस महेंद्रगढ़ ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 6,616 चालान किए, जिनकी कुल जुर्माना राशि लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त विभिन्न यातायात उल्लंघनों के मामलों में 388 वाहनों को इम्पाउंड किया गया। जिला पुलिस की यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

अक्टूबर माह की यातायात कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार, बिना हेलमेट वाहन चलाने के सर्वाधिक 2,666 चालान किए गए। वहीं, गलत पार्किंग के 1,026 तथा निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर वाहन चलाने के 838 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने के 262, सीट बेल्ट नहीं लगाने के 58 तथा शराब पीकर वाहन चलाने के 28 चालान किए गए। वाहनों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाने के मामलों में भी कार्रवाई करते हुए 5 चालान किए गए।
इसी प्रकार, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रदूषण प्रमाणपत्र से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर 421, ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित उल्लंघनों पर 422 तथा वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) से संबंधित उल्लंघनों पर 422 चालान किए गए।
इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने के मामलों में ट्रिपल राइडिंग के 196 चालान किए गए। जिला पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 388 वाहनों को इम्पाउंड भी किया गया।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के साथ-साथ आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, शराब पीकर ड्राइविंग करना, बिना हेलमेट तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को बढ़ाता है।
ऐसे उल्लंघनों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि वाहन चालक, उसके परिवार और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
यह भी देखें – लघु सचिवालय में लगा समाधान शिविर, डीसी और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

