Narnaul News: जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए नारनौल की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) व एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश निवासी आदर्श नगर, नारनौल तथा राहुल व रोहित निवासी गांव मांदी, नारनौल के रूप में हुई है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
डीएसपी भारत भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 अक्टूबर 2026 को सीआईए नारनौल की टीम नशा तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए जल महल नारनौल क्षेत्र में गश्त पर थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि गांव मांदी निवासी राहुल व रोहित अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) बेचने का कार्य करते हैं तथा गांव मांदी के खेतों में बने ट्यूबवेल के पास एक अन्य युवक के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम को मौके पर तीन युवक एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी के पास खड़े मिले। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान राहुल, रोहित और लोकेश के रूप में बताई। नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया पूरी करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीनों युवकों की तलाशी ली गई।
इस दौरान आरोपी राहुल के कब्जे से एक प्लास्टिक की पॉलिथीन में रखा संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जांच करने पर बरामद पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) पाया गया, जिसका वजन 50 ग्राम हुआ। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ के साथ मौके से एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी को भी कब्जे में लिया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर नारनौल में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस द्वारा नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त, उसके स्रोत तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध जिला पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा न केवल युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलता है, बल्कि परिवारों की खुशहाली और समाज की शांति को भी प्रभावित करता है। नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

