Narnaul: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर एसडीएम उदय सिंह ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
Narnaul/Nangal Choudhary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में गतदिवस नांगल चौधरी में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। एसडीएम उदय सिंह ने खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय, न्यू बस स्टैंड तथा मेजर सतीश दहिया राजकीय महाविद्यालय में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर एक माह तक चलने वाले जिला स्तरीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के सफल 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा।
इस मौके पर एसडीएम उदय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके साथ ही, अभियान के माध्यम से आमजन में विकसित भारत 2047 के संकल्प को और मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर पंचायत समिति के चेयरमैन कर्मपाल यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समाजहित के कार्यों में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से सेवा की भावना को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा, सुशासन और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर तहसीलदार निशा श्योराण, प्राचार्य अनिल यादव, नगर पालिका चेयरमैन प्रिया सैनी, अशोक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
