Narnaul: वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा का मुख्यमंत्री गांव गोद में करेंगे स्वागत
Narnaul: सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा 27 सितंबर को हरियाणा-राजस्थान सीमा पर स्थित गांव गोद से महेंद्रगढ़ जिले में प्रवेश करेगी। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं गांव गोद की सीमा पर पहुंचेंगे और यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे।
इन्हीं तैयारी को लेकर शनिवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने गांव गोद पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव भी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने बताया कि यात्रा के हरियाणा में प्रवेश पर भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। जनसभा के लिए बड़ा पंडाल लगाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वाहन पार्किंग और पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि लगभग दोपहर 11:30 बजे मुख्य एलईडी वाहन और 25 बाइक सवारों वाला यह काफिला गांव गोद की सीमा में प्रवेश करेगा, जहां फूलों की वर्षा से स्वागत किया जाएगा। स्वागत स्थल पर मौजूद ढोल-नगाड़ों की टीमें पारंपरिक अंदाज में यात्रा का भव्य अभिनंदन करेंगी। ऐसे में नागरिकों को 11:00 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा।
उन्होंने बताया कि इस मौके पर मुख्यमंत्री पौधारोपण भी करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री सैनिकों व उनके परिवारों को सम्मानित करेंगे।
मुख्य स्टेज के साथ ही एक अन्य वीआईपी स्टेज भी लगाया जाएगा जहां पर पार्टी के पदाधिकारी बैठेंगे। वहीं यात्रा में आने वाले बाइकर तथा पूर्व सैनिकों के लिए भी बैठने के लिए व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्टेज की दूसरी तरफ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली टीमों के लिए स्टेज तैयार किया गया है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी तुरंत प्रभाव से इस कार्यक्रम की तैयारी में जुट जाएं।
यह भी देखें Mahendragarh : महेंद्रगढ़ में दर्दनाक हादसा, हाईवे 152डी पर ट्राले से टकराया सब्जियों से भरा कैंटर, रेवाड़ी के युवक की मौत और चाचा गंभीर रूप से घायल
