Narnaul: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे समाधान शिविर की कड़ी में आज लघु सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर नागरिकों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
एडीसी ने अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिन मामलों में विस्तृत जांच या कागजी प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उनके लिए उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध सीमा के भीतर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से बचाना और पारदर्शी तरीके से उनकी समस्याओं का निपटारा करना है।
इस अवसर पर एसडीएम गुरविंदर सिंह, सीटीएम डॉ मंगल सेन के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

