Haiwaan Release Date: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 'हैवान' इस दिन होगी रिलीज, बॉक्स ऑफिस पर विजय देवरकोंडा से होगा क्लैश18 साल बाद विलेन बनकर सैफ अली खान के सामने आएंगे अक्षय कुमार

Haiwaan Release Date: साल 2026 में बैक-टू-बैक फिल्में दे रहे बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार अब सिनेमाघरों में ‘हैवान’ बनकर एंट्री मारने की तैयारी में हैं। इस साल ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज के बाद अब उनकी तीसरी बड़ी फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है। केवीएन (KVN) प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर एक बेहद दिलचस्प पोस्ट साझा करते हुए ऐलान किया है कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर क्राइम थ्रिलर ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

इस फिल्म का निर्देशन बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी और सस्पेंस फिल्मों के बेताज बादशाह माने जाने वाले डायरेक्टर प्रियदर्शन ने किया है। 11 सितंबर को ही साउथ स्टार विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘रणबाली’ (RANABAALI) भी रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा क्लैश देखने को मिलेगा।

18 साल बाद सिल्वर स्क्रीन पर लौटेगी सुपरहिट जोड़ी, अनोखे किरदारों में दिखेंगे दोनों स्टार्स

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का हिंदी सिनेमा में एक लंबा और कामयाब इतिहास रहा है। दोनों ने अब तक ‘ये दिल्लगी’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘कीमत’, ‘आरजू’ और ‘टशन’ जैसी 6 फिल्मों में एक साथ काम किया है। साल 2008 में आई ‘टशन’ के बाद अब करीब 18 साल के लंबे इंतजार के बाद दोनों एक बार फिर आमने-सामने होंगे।

हालांकि, ‘हैवान’ पिछली सभी फिल्मों से बिल्कुल जुदा होने वाली है क्योंकि इस बार अक्षय कुमार हीरो नहीं, बल्कि एक बेहद खतरनाक विलेन (किलर) के किरदार में सैफ की मुश्किलें बढ़ाते दिखेंगे। वहीं, सैफ अली खान अपनी एक्टिंग का दम दिखाते हुए एक नेत्रहीन शख्स की भूमिका में नजर आएंगे।

सिर्फ 7 करोड़ के बजट में बनी फिल्म का रीमेक, मोहनलाल का दिखेगा स्पेशल कैमियो

सिनेमा प्रेमियों के लिए इस फिल्म से जुड़ी सबसे बड़ी दिलचस्प बात यह है कि ‘हैवान’ कोई मौलिक कहानी नहीं है। यह साल 2016 में आई साउथ सुपरस्टार मोहनलाल की सुपरहिट मलयालम थ्रिलर फिल्म ‘ओप्पम’ का ऑफिशियल हिंदी रीमेक है।

दिलचस्प बात यह है कि मूल फिल्म ‘ओप्पम’ का निर्देशन भी प्रियदर्शन ने ही किया था, जो महज 7 करोड़ रुपये के मामूली बजट में बनी थी और केरल बॉक्स ऑफिस पर 42.7 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ कमाई करने में सफल रही थी। हिंदी दर्शकों के रोमांच को दोगुना करने के लिए मेकर्स ने इस फिल्म में मोहनलाल का एक खास कैमियो भी रखा है, जिसकी शूटिंग की तस्वीरें कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। फिल्म को वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।